Delhi Politics: दिल्ली में 'हर घर तिरंगा' अभियान में घोटाला, AAP के संजय सिंह का आरोप

संजय सिंह ने तिरंगा स्कैम का आरोप लगाते हुए रेखा गुप्ता की सरकार पर साधा निशाना।
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में 'हर घर तिरंगा' अभियान को घोटाले से जोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने भाजपा की फर्जी राष्ट्रभक्ति की पोल खुल चुकी है। उन्होंने पूछा कि क्या इस मामले की जांच होगी या नहीं? अब देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली भाजपा की तरफ से क्या पलटवार सामने आता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय सिंह ने आज दिल्ली भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा सरकार को चार करोड़ रुपये के सात लाख तिरंगा बांटने थे, लेकिन टेंडर में जितने आकार का तिरंगा बांटना था, उसकी बजाए छोटे आकार का तिरंगा बांट दिया गया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा को घर तक पहुंचाने में भी देरी की गई। तिरंगे को 15 अगस्त से पहले हर घर तक पहुंचाना था, लेकिन निविदा ही 16 अगस्त को खोली गई। निविदा खुलने से पहले संबंधित कंपनी ने 60 रुपये की बजाए 15 रुपये वाला झंडा भेज दिया।
संजय सिंह ने इसे शहीदों का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है, राष्ट्रवाद का ढिंढोरा करती है, राष्ट्रभक्ति के नाम पर दूसरे दलों के नेताओं का अपमान करती है, ऐसी भाजपा का घोटाला सामने आया है, जिसकी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशवासी भी इस घोटाले के बारे में जानकर हैरान हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश की आन बान और शान का प्रतीक तिरंगा झंडा खरीदने में घोटाला कर दिया है। उन्होंने दोहराया कि इससे भाजपा के फर्जी राष्ट्रभक्ति की पोल खुल चुकी है।
