Punjab Flood: बाढ़ के बीच अरविंद केजरीवाल की अपील, ट्रक लेकर पंजाब पहुंचे सौरभ भारद्वाज

अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर सौरभ भारद्वाज पंजाब रवाना।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली से बाढ़ प्रभावित पंजाब के लोगों की मदद के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक रवाना किए हैं। आप दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज इस राहत अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि इस मुश्किल घड़ी में 'आप' हमेशा जनता के साथ खड़ी रहेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के प्रदेशाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में बाढ़ राहत सामग्री से भरे ट्रक दिल्ली से पंजाब के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से हर दिन हमारे नेता, विधायक, सांसद और कार्यकर्ता बाढ़ राहत से भरे ट्रक लेकर पंजाब जाएंगे।
सभी वर्गों से मिल रहा समर्थन
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि इस मुश्किल घड़ी से निपटने के लिए हर वर्ग के लोग मदद कर रहे हैं। आरडब्ल्यूए और व्यापारी भी अपने अपने स्तर पर सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है। उन्होंने सभी लोगों से पंजाब के लोगों की मदद के लिए अपील की।
सौरभ भारद्वाज बोले- हर चुनौती से निपटेंगे
पंजाब रवाना होने से पहले दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब विनाशकारी बाढ़ से जूझ रही है। संपत्ति, मवेशियों और कृषि भूमि को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कल अरविंद केजरीवाल ने सभी से मदद करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल जी के निर्देशानुसार बाढ़ राहत सामग्री से भरे ट्रक लेकर पंजाब जा रहा हूं।
उन्होंने इस बाढ़ को दशकों की सबसे भीषण बाढ़ बताया। कहा कि बाढ़ के चलते 30 लोगों की जान चली गई है, जबकि 3.5 लाख रुपये प्रभावित हुए हैं। पंजाब मीडिया के अनुसार, शुरुआत में 12 जिले बाढ़ की चपेट में थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 23 हो चुकी है।
