Delhi Police: सट्टा किंग नहीं, 'आप' का पार्षद खिला रहा था जुआ, पुलिस पहुंची तो दिखाया रसूख

aap councilor arrest for gambling
X

जुआ खिलवाने के आरोप में आप के पार्षद जोगिंदर सिंह गिरफ्तार। 

दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि आम आदमी पार्टी के एक पार्षद के कार्यालय पर जुआ खेला जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पार्षद भी जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़े गए।

बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र से बेहद ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने इस क्षेत्र से एक बड़े जुआ रैकेट का भंडाफोड़ किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जुआ खिलाने सट्टा किंग नहीं बल्कि एक पार्षद था। पुलिस ने इस पार्षद समेत आठ लोगों को अरेस्ट कर लिया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। मुखबिर ने बताया कि वार्ड नंबर 19 में आम आदमी पार्टी के पार्षद जोगिंदर सिंह के कार्यालय पर तुरंत दबिश दी जाए तो सभी आरोपी रंगे हाथों पकड़े जाएंगे। सूचना पाते ही पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और बादली विधानसभा के वार्ड 19 से पार्षद जोगिंदर सिंह के ऑफिस पर रेड डाल दी।

पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब पार्षद जोगिंदर सिंह भी जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने जब जुआ खेलने में इस्तेमाल नकदी और सामान को जब्त करना शुरू किया तो पार्षद अपना राजनीतिक रसूख दिखाने लगे। सूत्रों ने बताया कि पार्षद जोगिंदर सिंह समेत 8 लोगों के खिलाफ दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कई बार विवादों में फंस चुके पार्षद जोगिंदर सिंह

आप पार्षद जोगिंदर सिंह कई विवादों में फंस चुके हैं। 2022 के एमसीडी चुनाव प्रचार के दौरान वीडियो वायरल हुआ। उसमें वे चार लोगों के साथ डांस करते हुए हवा में रिवॉल्वर लहराते नजर आए थे। इस पर दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। वहीं, कुछ महीने पहले उन्होंने जनता के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया था। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो निगम पार्षद जोगिंदर सिंह अपने क्षेत्र का दौरा कर रहे थे। इस दौरान एक युवक ने साफ सफाई को लेकर सवाल पूछा तो भड़क गए और थप्पड़ जड़ दिया। जनता ने विरोध किया तो उन पर भी भड़कने लगे। अब जिस तरह से जुआ खिलवाने के आरोप में पकड़े गए हैं, उसके चलते राजनीति की राह में उनकी मुश्किलें बढ़ना तय है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story