Punjab Flood: बाढ़ प्रभावित पंजाब को केंद्र सरकार तुरंत दे 8000 करोड़ रुपये, संजय सिंह की मांग

संजय सिंह ने सुल्तानपुर लोधी के गांव में चल रहे राहत कार्यों में हिस्सा लिया।
मानसून की बारिश से पंजाब में बाढ़ के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के 23 जिलों में बाढ़ की वजह से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित हैं, वहीं राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी खासा नुकसान पहुंचा है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने देशभर के लोगों से पंजाब की मदद करने की अपील की थी। अब आप से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार से तुरंत पंजाब को 8000 करोड़ रुपये की बकाया राशि के भुगतान करने की मांग कर दी है।
संजय सिंह ने कहा कि करतार साहिब कॉरिडोर पंजाब की आस्था का प्रतीक है। करतार साहिब कॉरिडोर ही नहीं बल्कि आसपास बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां की स्थिति को ठीक करने के लिए केंद्र सरकार को राज्य सरकार की हरसंभव मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने एक साल पहले भी देश की संसद में मांग उठाई थी कि पंजाब सरकार को 8 हजार करोड़ रुपये की बकाया राशि का भुगतान किया जाना चाहिए। अब पंजाब मुसीबत में है, इसलिए केंद्र सरकार को तुरंत पंजाब के लिए 8000 करोड़ रुपये की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द कर देना चाहिए।
राहत कार्यों में लिया हिस्सा
आम आदमी पार्टी के तमाम नेता पंजाब में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं। संजय सिंह ने भी आज सुल्तानपुर लोधी के गांव में चल रहे राहत कार्यों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए आपसी सहयोग जरूरी है। आप नेता सज्जन सिंह चीमा और उनके साथियों ने भी सुल्तानपुर लोधी गांव में चल रहे राहत कार्यों में हिस्सा लिया।
संजय सिंह ने कहा कि बाढ़ के चलते यहां का रास्ता बिगड़ गया था। गांव के लोगों की मदद से अब मुख्य रास्ता बना लिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के सभी मंत्री और विधायक पूरी तरह से सेवा में जुटे हैं। अरविंद केजरीवाल जी की अपील पर कार्यकर्ता भी पंजाब के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
