Delhi News: खत्म हुआ दिल्ली वालों का इंतजार, प्रगति मैदान अंडरपास को मिली हरी झंडी

Delhi News: सालों से इंतजार कर रहे दिल्ली वालों के लिए एक खुशखबरी है। आईटीओ और रिंग रोड के आसपास भयंकर जाम लगता था, जिससे अब राहत मिलने वाली है। लंबे समय से इंतजार और इंजीनियरिंग की दिक्कतों के बाद रेल मंत्रालय ने प्रगति मैदान के आखिरी और सबसे जरूरी अंडरपास को मंजूरी दे दी है। लेकिन ज्यादा खुश होने से पहले यह जान लो कि अब इसके लिए नियम और नक्शा दोनों बदल चुके हैं।
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह कि भैरों मार्ग वाले अंडरपास की डिजाइन को पूरी तरह से बदल दिया गया है। पहले यह अंडरपास बड़ी गाड़ियों के लिए बनने वाला था लेकिन अब इसके ठीक विपरीत इसे छोटी गाड़ियों के खोला जाएगा। नए डिजाइन के अनुसार, अंडरपास के ऊंचाई को 5.5 से घटाकर 3.9 मीटर कर दिया गया है। इसके अलावा इसकी चौड़ाई को 11.5 से घटाकर 6.25 मीटर कर दिया गया है। इसके अलावा अब यह अंडरपास तीन लेन की जगह सिर्फ दो लेन का होगा। इन सब कारणों के चलते अब इसमें भारी वाहन और बसे प्रवेश नहीं कर पाएंगी। मतलब साफ है कि यह रास्ता विशेषकर कारों और दो पहिया वाहनों के लिए होगा।
यह प्रोजेक्ट पिछले तीन सालों 2023 से ठप पड़ा था। क्योंकि रेलवे की पटरियों के नीचे कंक्रीट के बॉक्स धंसने लगे थे। इस वजह से ट्रेन रूट को खतरा बढ़ रहा था। इसके बाद आईआईटी दिल्ली और बॉम्बे के एक्सपर्ट की सलाह के बाद तय किया गया कि रेलवे ट्रैक को छेड़े बिना अंडरपास को छोटा करना ही एकमात्र रास्ता बचा है। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक, काम शुरू करने के लिए 40 दिनों के लिए रेल लाइन को बंद करना होगा।
अधिकारियों के मुताबिक, मंजूरी मिलने और काम शुरू होने के बाद इस प्रोजेक्ट में करीब 8 महीने का समय लगेगा। वहीं ऐसा बताया जा रहा है कि इस अंडरपास का करीब 28 मीटर हिस्सा अभी बनना बांकी है। इसके बनने के बाद आईटीओ से रिंग रोड और भैरो मार्ग जाने वाले लोगों को यूटर्न और डायवर्जन के झमेल से आजादी मिल जाएगी।
