'पीएम के लिए नकली यमुना बनाई': सौरभ भारद्वाज के इस आरोप पर केजरीवाल ने कसा तंज; बीजेपी ने दिया तगड़ा जवाब

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार किया है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दिल्ली की छठ पूजा में शामिल होंगे। इसे लेकर दिल्ली की भाजपा सरकार में खासा उत्साह है। लेकिन, आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे लेकर भी सीएम रेखा गुप्ता की सरकार पर तंज कस दिया है। यही नहीं, आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी सौरभ भारद्वाज की पोस्ट को रिपोस्ट कर लिखा कि बीजेपी ने दिल्ली में छठ पर्व की आस्था का भी मजाक बना दिया है। उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी तीखा पलटवार किया है।
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो को एक्स पर शेयर किया। इसके कैप्शन में लिखा कि फर्जीवाड़े के सभी रिकॉर्ड टूटे। पीएम के लिए फिल्टर पानी वाली 'नकली यमुना' बनाई गई है। उनके इस वीडियो को आम आदमी पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर रहे हैं।
BJP ने दिल्ली में छठ पर्व की आस्था का भी मज़ाक बना दिया है। https://t.co/rIpH8mts4I
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 26, 2025
वीरेंद्र सचदेवा ने किया तगड़ा पलटवार
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंंस कर अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली एवं देश के लोगों ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक हताशा का वो शर्मनाक मॉडल देखा, जिसके चलते लोगों ने "आप" नेता सौरभ भारद्वाज को यमुना किनारे प्रकृतिक वासुदेव घाट की सफाई एवं वहां स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर आपत्ति करते देखा।
उन्होंने कहा कि सौरभ भारद्वाज ने आज यमुना किनारे से लाइव विडियो जारी कर यमुना सफाई पर आपत्ति करने का जो नाटक किया, वह पहला ऐसा राजनीतिक प्रपंच था, जहां विपक्षी दल ने सरकार द्वारा सफाई स्वच्छता सुनिश्चित करने पर आपत्ति की हो।
केजरीवाल से पूछे दो सवाल
वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा कि केजरीवाल ने 2018 से 2024 तक यमुना किनारे छठ पूजा-पाठ पर रोक लगाई थी। आज जब रेखा गुप्ता सरकार ने मात्र 8 माह में यमुना की बेसिक सफाई पूरी कर छठ व्रतियों को प्रकृतिक घाट उपलब्ध करवाएं हैं, तो अब वह हाहाकार मचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का पूर्वांचल समाज आज "आप" नेतृत्व से दो सीधे सवाल पूछना चाहता है। केजरीवाल बताएं कि आप की सरकार ने किस प्रशासनिक आधार पर 2018 से 2024 तक दिल्ली में यमुना किनारे छठ पूजा पर रोक लगाई थी? दूसरा सवाल यह बताएां कि आखिर उन्हें रेखा गुप्ता सरकार के द्वारा यमुना घाटों पर सफाई एवं स्वच्छ जल सुनिश्चित करने पर आपत्ति क्यों है?
