दिल्ली की 'हवा' पर राजनीति: राहुल गांधी बोले, 'अब बहाने नहीं', मंत्री सिरसा ने उन्हें ही ठहराया प्रदूषण का जिम्मेदार

दिल्ली प्रदूषण पर राहुल गांधी की पोस्ट पर मंत्री मनजिंदर सिरसा ने दिया जवाब।
Politics on Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। इस पर नियंत्रण कैसे किया जाए, ये किसी को समझ नहीं आ रहा है। प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए ग्रैप-2 के तहत पाबंदियां लगी हुई हैं। सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। इसके बावजूद कई इलाकों में एक्यूआई-400 के पार पहुंच गया है। प्रदूषण को लेकर दिल्ली में राजनीति भी तेज हो गई है।
अब तक आप नेता सौरभ भारद्वाज बढ़ते प्रदूषण को लेकर बीजेपी सरकार पर आरोप लगा रहे थे, वहीं अब लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी इस लड़ाई में कूद पड़े हैं। उनके आरोपों का दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने जवाब भी दिया है।
राहुल गांधी ने किया ये पोस्ट
राहुल गांधी ने दिल्ली प्रदूषण को लेकर बीजेपी सरकार को घेरते हुए सवाल पूछे। उनका कहना है कि दिल्ली में अब राज्य और केंद्र दोनों जगह बीजेपी सरकार है, फिर भी प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'साल दर साल दिल्ली की हवा जहरीली होती जा रही है, लेकिन बीजेपी सरकारें बस बहाने बदलती हैं। अब तो केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर उनकी ही सरकार है। अब बहाने नहीं, जनता को साफ हवा चाहिए।'
साल दर साल दिल्ली की हवा ज़हरीली होती जा रही है, लेकिन BJP सरकारें बस बहाने बदलती हैं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 3, 2025
अब तो केंद्र और दिल्ली - दोनों जगह उनकी ही सरकार है।
अब बहाने नहीं, जनता को साफ़ हवा चाहिए।pic.twitter.com/oMeUdoVvhK
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिया जवाब
राहुल गांधी के इस पोस्ट का दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने जवाब दिया। उन्होंने दिल्ली प्रदूषण पर लोकसभा सांसद राहुल गांधी के ट्वीट पर कहा, 'राहुल गांधी आज एक वीडियो पोस्ट कर पूछ रहे हैं कि दिल्ली का AQI इतना खराब कैसे हो गया? किसी और ने इसे बर्बाद नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने इसे 15 साल तक शुरू किया। इसके बाद आपके सहयोगी अरविंद केजरीवाल ने इसे 10 साल तक बर्बाद किया।'
#WATCH | On Lok Sabha Lop Rahul Gandhi's tweet on Delhi pollution, Delhi Minister Manjinder Singh Sirsa says, "Rahul Gandhi is posting a video today asking how Delhi's AQI got so bad. Rahul Gandhi, no one else ruined it. The Congress government started it for 15 years, and Arvind… pic.twitter.com/t0H2SHy6ND
— ANI (@ANI) November 3, 2025
उन्होंने कहा, 'पिछले दशक के सबसे साफ दिन इस साल रेखा गुप्ता की सरकार ने दिए। अब तक के सबसे गंदे दिन भी आपकी 25 साल की सरकार के दौरान थे। दिल्ली का AQI आज 309 है, लेकिन जब आपके सहयोगी अरविंद केजरीवाल पिछले साल सत्ता में थे, तब यह 382 था। उससे पहले के साल में यह 468 था। उससे पहले के साल में यह 450 था। उससे पहले के साल में यह 314 था। उससे पहले के साल में यह 494 था और उससे पहले के साल में यह 340 था। सबसे कम AQI अभी भी रेखा गुप्ता की सरकार के दौरान है। 10 प्रतिशत नई गाड़ियां आ चुकी हैं। 21 प्रतिशत से ज़्यादा नए निर्माण कार्य चल रहे हैं। 10-15 साल पुरानी गाड़ियां भी दिल्ली में चल रही हैं, वही गाड़ियां जिन पर आपने बैन लगाया था। आपकी सरकार ये बीमारी पीछे छोड़ गई। रेखा गुप्ता की भाजपा सरकार इसे ठीक कर रही है।'
उन्होंने कहा, 'जो झूठ आप आज फैला रहे हैं, वो कल प्रियंका गांधी ने फैलाया था। जयराम रमेश ने कहा कि क्लाउड सीडिंग पर 34 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इससे बड़ा कोई घोटाला या बेईमानी नहीं हो सकती। आप दिल्ली सरकार और दिल्ली की जनता को सुनियोजित तरीके से बदनाम करना चाहते हैं। AQI की बीमारी आपने, कांग्रेस और आपकी सहयोगी आम आदमी पार्टी ने फैलाई है।'
