राजनीति: त्योहारी सीजन में 'आप' और बीजेपी के बीच सियासी घमासान, किसका पलड़ा भारी?

आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच इस त्योहारी सीजन में भी एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने जहां दीपोत्सव 2025 को लेकर नाम लिए बिना आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा, वहीं आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो शेयर कर बीजेपी पर तंज कसा है। यही नहीं, छठ पूजा को लेकर यमुना के घाटों की सजावट और जहरीले झाग के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बीजेपी और आप कार्यकर्ता इन वीडियो को शेयर कर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
फ्री सिलेंडर के लिए किया प्रदर्शन
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर किया, जिसमें कुछ महिलाएं प्रदर्शन करती नजर आ रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि दिवाली का फ्री सिलेंडर मांगने शालीमार बाग, दिल्ली की महिलाएं CM रेखा गुप्ता जी के घर पहुंची हैं। उधर, आम आदमी पार्टी ने वीडियो जारी किया। कैप्शन में लिखा, फ्री सिलेंडर की Home Delivery तो हुई नहीं, अब दिल्लीवाले खुद रेखा गुप्ता जी के घर पहुंच गए हैं अपना फ्री सिलेंडर लेने। अब तो दिल्ली की जनता को फ्री सिलेंडर दे दो रेखा मैडम। नीचे देखिये आप की ओर से जारी वीडियो...
फ्री सिलेंडर की Home Delivery तो हुई नहीं,
— Aam Aadmi Party Delhi (@AAPDelhi) October 18, 2025
अब दिल्लीवाले खुद रेखा गुप्ता जी के घर पहुंच गये हैं अपना फ्री सिलेंडर लेने। अब तो दिल्ली की जनता को फ्री सिलेंडर दे दो रेखा मैडम 🙄
जुमले और झूठ से बनी भाजपा सरकार से जनता परेशान। pic.twitter.com/ofniWyPc2h
आशीष सूद ने 'आप' पर किया हमला?
दिल्ली में आज से दीपोत्सव पर्व मनाया जाएगा। 1 लाख 11 हजार दीप रोशन होंगे। भव्य ड्रोन शो, राम कथा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सनातन चेतना का संगम होगा। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सभी को अपने त्योहार मनाने का बराबर का अवसर मिलना चाहिए। हमने इसके लिए प्रयास किए। पिछली सरकार वोट बैंक की राजनीति के चलते ऐसे अवसरों को खो देती थी। हमने अपना पक्ष कोर्ट में रखा और कोर्ट ने हमारे निवेदन को स्वीकार किया।
छठ पूजा को लेकर भी आमने-सामने
आम आदमी पार्टी ने वीडियो जारी कर दावा किया कि यमुना में अब जहरीला झाग नजर आने लगा है। आप दिल्ली ने सीएम रेखा गुप्ता पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। कहा कि दिल्ली में चार-चार इंजन और पड़ोसी राज्यों में भी भाजपा की सरकार होने के बाद भी यमुना में जहरीला झाग है। उधर, दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि यमुना के सभी घाटों के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। पहली बार दिल्ली में छठ पूजा भव्य तरीके से होने जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी दिवाली का पर्व शानदार तरीके से मनाया जाएगा। इससे परेशान होकर ही आम आदमी पार्टी लोगों को गुमराह कर रही है।
