Noida: Amazon जैसी पैकिंग, ऑनलाइन डिलीवरी... नोएडा में गांजा सप्लाई करने वाले गैंग का पर्दाफाश

Noida Online Drugs Supply Gang Busted
X

नोएडा में ऑनलाइन गांजा सप्लाई करने वाले गैंग के 3 सदस्य गिरफ्तार।

Noida Crime News: नोएडा पुलिस ने ऑनलाइन गांजे की डिलीवरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी नामी ई-कॉमर्स कंपनियों की पैकेजिंग का इस्तेमाल करते थे।

Noida Online Drugs Supply Gang Busted: नोएडा पुलिस ने ऑनलाइन ऐप के जरिए गांजा सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह ऑनलाइन ऐप्स का इस्तेमाल करते गांजे की डिलीवरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम से ज्यादा प्रीमियम क्वालिटी का अवैध गांजा बरामद किया है, जिसमें ओजी, मैंगो और शिलोंग जैसी क्वालिटी शामिल हैं। इसके अलावा पैकिंग करने का मटेरियल भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सरगना योगेंद्र प्रताप, सूरज उर्फ रूद्र और शिवकेश त्रिपाठी के रूप में हुआ है। ये आरोपी नोएडा में कॉलेज कॉर्पोरेट ऑफिस के आसपास गांजे की ऑनलाइन डिलीवरी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गैंग का सरगना योगेंद्र अपने दो अन्य साथी सूरज और शिवकेश के साथ शहर में अवैध गांजे का ऑनलाइन धंधा चला रहा था।

कैसे बेचते थे अवैध गांजा?

नोएडा पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के लोग शहर के कॉलेजों और कॉर्पोरेट ऑफिसों के आसपास छुट्टी या लंच टाइम में पहुंचते थे। यहां पर वे लोगों से अवैध गांजा उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत करते थे। इसके बाद आरोपी ग्राहकों को अपना नंबर देते थे, जिसके जरिए अवैध गांजा मंगाया जाता था। ग्राहक ऑनलाइन ऐप के जरिए लोकेशन और ऑर्डर भेजते थे और पेमेंट भी ऑनलाइन ही करते थे। इसके बाद आरोपी नामी ई-कॉमर्स वाली कंपनियों के स्टाइल वाली पैकेट तैयार करते थे, जिसमें अवैध गांजा होता था। इसके बाद आरोपी ग्राहक के दिए लोकेशन पर डिलीवरी करते थे। नामी कंपनियों की पैकेजिंग की वजह से पुलिस को शक नहीं होता था।

इस तरह करते थे डिलीवरी

एडिशनल डीसीपी शैव्या गोयल ने खुलासा किया कि आरोपी ऐप के जरिए ग्राहकों से उनकी लोकेशन और ऑर्डर लेते थे। बदले में ग्राहक से ऑनलाइन पैसे वसूल लिए जाते थे। गिरोह का सरगना ऐप का उपयोग कर गांजा पैकिंग करके लोकेशन पर पहुंचाता था। आरोपी पहले से ही यह सुनिश्चित कर लेते थे कि अगर कोई पकड़ा जाए, तो वह राइडर ही हो, न कि उनके गैंग का कोई सदस्य। ग्राहक की लोकेशन पर गांजा लेकर राइडर ही जाता था, लेकिन उसे पता नहीं होता था कि पैकेट के अंदर क्या रखा है। एडीसीपी ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध गांजे की सप्लाई कर रहा था।

कैसे पकड़े गए आरोपी?

दरअसल, नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस को सूचना मिली कि शहर में ऑनलाइन ऐप के जरिए अवैध गांजे की डिलीवरी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम से ज्यादा अवैध गांजा, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, अमेजॉन जैसी पैकिंग सामग्री, डिलीवरी बैग, मोबाइल फोन इत्यादि बरामद किया।

कौन है गिरोह का सरगना?

नोएडा पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना योगेंद्र प्रताप सिंह पहले नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उस कंपनी में आरोपी ने देखा कि कई लोग नशे का इस्तेमाल करते थे। यह देखकर उसने खुद गांजा सप्लाई का अवैध धंधा शुरू कर दिया। उसने अपने नेटवर्क को एनसीआर के लगभग सभी शहरों में फैला लिया और गांजा सप्लाई करने लगा। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच की जा रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story