87 लाख की चोरी का मामला: नोएडा पुलिस ने शातिर जेठानी-देवरानी को पश्चिम बंगाल से किया अरेस्ट

नोएडा पुलिस ने शातिर देवरानी जेठानी को चोरी के आरोप में किया अरेस्ट।
Noida Police: नोएडा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से देवरानी और जेठानी की शातिर जोड़ी को अरेस्ट कर लिया है। दोनों नौकरानी बनकर घरों से गहने, पैसे और अन्य सामान चुराने का काम करती थी। पुलिस ने इनके पास से 85 लाख के जेवर और 2 लाख 89 हजार रुपए का कैश बरामद किया है।
डीसीपी यमुना प्रसाद के अनुसार, सेक्टर 12 के पी ब्लॉक में रहने वाले व्यक्ति के घर पर लाखों के गहने और पैसों की चोरी हुई। पीड़ित ने इसका आरोप अपनी खाना बनाने वाली नौकरानी पर लगाया था। ठीक इसी प्रकार की घटना बरौला के रहने वाले एक शख्स के घर हुई। पुलिस ने पीड़ितों के शिकायत के आधार पर मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद पुलिस को इन दोनों घटनाओं में काफी समानता दिखाई दी। पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए लगभग 300 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो पता कि दोनों महिलाओं के हुलिया में काफी समानता है।
इन फुटेज को चेक करते समय पुलिस के हाथ इन से संबंधित एक अहम जानकारी लग गई। पुलिस को पता चला कि दोनों महिलाएं वारदात को अंजाम देने के बाद पश्चिम बंगाल चली गई हैं। इसके बाद पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया। दोनों टीमें पश्चिम बंगाल गई और महिलाओं को गिरफ्तार किया। इन दोनों की पहचान 'जाना' और 'आशा' के रूप में हुई है, जो मेदनीपुर की रहने वाली हैं। यह दोनों रिश्ते में देवरानी-जेठानी लगती हैं। इन दोनों महिलाओं को पश्चिम बंगाल मेदनीपुर के कोर्ट में ही पेश किया गया है। कोर्ट ने दोनों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड स्वीकार कर ली है।
