Mini Buses: नोएडा में इसी हफ्ते से चलेंगी नई मिनी बसें, इन रूटों पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा

गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के लिए मिनी बस चलेगी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Noida New Mini Buses: नोएडा में इस हफ्ते से नई मिनी बसें गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के लिए चलनी शुरू हो जाएंगी। बताया जा रहा है कि पिछले 2 महीने से ये बसें नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में खड़ी हुईं थीं। अब इन बसों का संचालन 2 महीने बाद शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्याओं को भी दूर किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो को 10 नई मिनी बसें दी गई थी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि तकनीकी समस्याओं की वजह से बसों का संचालन अब तक शुरू नहीं किया गया है। इसे लेकर मुख्यालय से भी चर्चा की जा रही है।
इन तकनीकी समस्याओं को दूर करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। यात्रियों को बसों की सुविधा जल्द मिलनी शुरू हो जाएगी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो कुल 350 बसें हैं, जिसमें नोएडा डिपो में 188 और शेष बसें ग्रेटर नोएडा डिपो में हैं। दोनों डिपो से कई शहरों के लिए यात्रियों को बसों की सुविधा मिलती है।
इन रूटों पर मिलती है बस
यात्रियों को आगरा, मथुरा, मेरठ, एटा, कासगंज, बदायूं, लखनऊ, बरेली, सहारनपुर, बिजनौर, हरिद्वार, कोटद्वार, देहरादून समेत दूसरे शहरों के लिए बस सेवा मिलती है। डिपो की सभी बसें साधारण और CNG से चलती हैं। दोनों डिपो की अपनी वातानुकूलित बसों की सुविधा नहीं है। पहले शहर के ग्रामीण रूटों पर बसें चलाने की योजना बनाई गई थी, बाद में इस योजना में बदलाव कर दिया गया।
ग्रामीण रूट के लिए अनुबंध पर निजी ऑपरेटर्स की बसें चलाने की योजना बनाई गई थी, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी हुई, लेकिन बाद में इसे कैंसिल कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि बसों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के रूट पर चलाया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
