Noida: नोएडा में FSSAI का एक्शन... 550 KG नकली पनीर किया नष्ट, दिल्ली-NCR में बेचने की थी तैयारी

नोएडा में खाद्य विभाग ने 550 किलो नकली पनीर जब्त कर नष्ट किया।
Noida Adulterated Paneer Seized: फेस्टिव सीजन से पहले बहुत से लालची लोग नकली प्रोडक्ट के काले धंधे में जुटे हुए हैं। ये लोग जनता की सेहत से खिलवाड़ की तैयारी में जुटे हुए हैं। हालांकि पुलिस और खाद्य सुरक्षा टीम भी ऐसे लोगों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 550 किलो नकली पनीर जब्त करके नष्ट किया है। यह मिलावटी पनीर हरियाणा के मेवात (हथीन) स्थित जंगी मिल्क प्लांट के वाहन में पाया गया था। इसे दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी।
दरअसल, 11-12 अक्टूबर की रात को विभाग की टीम नोएडा के सेक्टर-107 के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक वाहन को रोका, जिसमें पनीर की खेप पाई गई। जांच करने पर पता चला कि पनीर में मिलावट की गई है। जांच में मिलावटी की पुष्टि होने पर इसे नष्ट करा दिया गया।
अधिकारी ने दी जानकारी
खाद्य सुरक्षा आयुक्त द्वितीय सर्वेश कुमार ने बताया कि त्योहार की तैयारियों को देखते हुए 8 अक्टूबर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शनिवार देर रात की गई जांच में मिलावटी पनीर के मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया में पनीर नकली प्रतीत हुआ। इसके बाद पनीर के सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
बाकी का बचा हुआ करीब 550 किलो पनीर जब्त कर लिया गया। इस जब्त किए गए नकली पनीर को 12 अक्टूबर की सुबह नोएडा अथॉरिटी की मदद से नष्ट कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पिछले हफ्ते 1100 किलो मिठाई किया था नष्ट
नोएडा में मिलावटखोरों के खिलाफ इस हफ्ते लगातार दूसरे बड़ी कार्रवाई की गई है। इससे पहले 10 अक्टूबर को गौतमबुद्ध नगर में 1,100 किलो मिलावटी मिठाई जब्त की गई थी। साथ ही 38 किलो नमकीन भी बरामद हुआ था। जांच में मिलावट पाए जाने पर इसे नष्ट करा दिया गया था।
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि अगर कोई सामान खरीदते हुए संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिले, तो उसे तुरंत पुलिस को सूचित करें। इससे आम लोग भी इस मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बन पाएंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
