Nikki Murder Case: हत्या या आत्महत्या... पड़ोसियों ने कत्ल के दावों को किया खारिज, उलझा केस

निक्की मर्डर केस।
Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा का निक्की मर्डर केस में हत्या की असली वजह रहस्य बनती जा रहा है। निक्की भाटी की हत्या को लेकर मायके और ससुराल के लोगों के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। इस मामले की जांच में नए खुलासे हुए हैं, जिससे हत्या की वजह पहेली बनती जा रही है। निक्की के परिजनों (मायके) ने ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। अभी तक पुलिस की जांच में मिले सबूत भी इसी ओर इशारा कर रहे थे कि ससुराल के लोगों ने दहेज के लिए निक्की की हत्या की है। इस मामले में पुलिस ने निक्की के पति विपिन, सास दयावती, ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित भाटी को गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं, अब इस मामले में नया मोड़ आया है। निक्की के ससुराल के पड़ोसियों के दावों ने इस मामले को और भी ज्यादा उलझा दिया है। पड़ोसियों का कहना है कि निक्की और विपिन के बीच सोशल मीडिया तनाव की असली वजह थी।
पड़ोसियों ने क्या किया दावा?
पुलिस की जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया भी निक्की और विपिन के बीच तनाव की बड़ी वजह थी। दरअसल, निक्की और उसकी बड़ी बहन कंचन घर के अंदर ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जिसकी वजह से लोगों का आना-जाना लगा रहता था। इसके अलावा निक्की सोशल मीडिया पर भी मेकओवर रील्स भी बनाती थी। पड़ोसियों का दावा है कि निक्की का रील बनाना ससुराल के लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आता था। इसके लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। विपिन और रोहित रील्स को लेकर निक्की और कंचन का विरोध करते थे।
रील्स के मुद्दे पर हुई थी पंचायत
आरोपी विपिन के एक पड़ोसी ने बताया कि रील्स से जुड़े मामले को लेकर दोनों बहनों और उनके पतियों के बीच में इसी साल 11 मार्च को बड़ा विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों बहनें (निक्की और कंचन) अपने मायके रूपबास गांव वापस चली गई थीं। दोनों बहनों का मायके में रहना आसपास के लोगों को खटकने लगा, जिसके बाद लोगों ने आवाज उठाई पंचायत बुलाई गई। पड़ोसियों का कहना है कि इस पंचायत में फैसला हुआ कि दोनों बहनें फिर कभी रील नहीं बनाएंगी। इस समझौते के आधार पर दोनों बहनें वापस ससुराल लौट गईं। कुछ दिनों तक दोनों बहनों ने रील से दूरी बनाए रखी, लेकिन बाद में उन्होंने फिर से सोशल मीडिया पर रील बनाना शुरू कर दिया। इसके चलते ही दोनों बहनों और उनके पतियों के बीच तनाव काफी बढ़ गया।
परिजनों का दावा- दहेज के लिए हत्या
वहीं, निक्की के मायके के लोगों का दावा है कि दहेज के लिए निक्की की हत्या की गई है। निक्की की बड़ी बहन कंचन ने ससुराल के लोगों पर जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। कंचना ने अपनी शिकायत में बताया कि दोनों बहनों से 36 लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही है, जिसको लेकर उन्हें नियमित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। निक्की के पिता भिखारी सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटियों की शादी में स्कॉर्पियो, बुलेट और कीमती सामान दिए थे। इसके बावजूद भी भाटी परिवार की मांग लगातार बढ़ती जा रही थीं। निक्की की बहन और परिजनों का कहना है कि दहेज के लिए निक्की को जिंदा जलाया गया है। इस मामले में निक्की के बेटे का भी बयान सामने आया था, जिसमें बेटे ने बताया कि उसके पिता यानी विपिन ने मां के ऊपर तरल पदार्थ फेंका था। इसके बाद लाइटर से मां को आग लगा दी।
पुलिस की जांच में क्या मिला?
पुलिस निक्की मर्डर केस की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस की जांच में अभी तक पता चला कि गुरुवार (21 अगस्त) को निक्की के साथ उसके पति और ससुराल के लोगों ने मारपीट की। इसके बाद आरोपी पति विपिन ने निक्की को आग लगा दी। इस घटना से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए है। इनमें से एक वीडियो में विपिन और उसकी मां मिलकर निक्की को बुरी तरह से पीट रहे हैं। वहीं, दूसरी वीडियो में निक्की आग की लपटों में दिखाई देती है। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने निक्की के पति समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
