20 मई से दोबारा शुरू होगी नमो भारत ट्रेन यात्रा!: न्यू अशोक नगर तक भरेगी फर्राटा, मरम्मत का काम पूरा

न्यू अशोक नगर तक भरेगी फर्राटा, मरम्मत का काम पूरा
X
Namo Bharat Train: आंधी बारिश के कारण न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन पर काफी नुकसान हुआ। इसके बाद से नमो भारत ट्रेन आनंद विहार तक सीमित हो गई थी। वहीं अब खबर है कि मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। मंगलवार से अशोक नगर तक नमो भारत ट्रेन चलेगी।

Namo Bharat Train: दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नमो भारत हाईस्पीड ट्रेन एक बार फिर फर्राटा भरने को तैयार है। मंगलवार 20 मई से मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत ट्रेन दोबारा चलने वाली है। बता दें कि कुछ दिनों पहले तेज आंधी के कारण न्यू अशोक नगर स्टेशन को काफी नुकसान हुआ। स्टेशन का एक टीन शेड टूट गया, जिसकी मरम्मत का काम कराने के लिए न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन को तुरंत बंद कर दिया गया था।

मेरठ साउथ से आनंद विहार स्टेशन तक सीमित नमो भारत

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने नमो भारत ट्रेन की सेवाएं मेरठ साउथ से आनंद विहार स्टेशन तक सीमित कर दी थीं। रविवार तक यही व्यवस्था रही। इसके कारण मेरठ से अशोक नगर के बीच सफर करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बहुत से लोग सोमवार सुबह इस उम्मीद से स्टेशन पर पहुंचे, कि शायद मरम्मत का काम पूरा हो चुका हो और अब ट्रेन का संचालन शुरू हो जाए। हालांकि उनको केवल निराशा हाथ लगी।

मरम्मत का काम पूरा

वहीं अब न्यू अशोक नगर स्टेशन की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद फैसला लिया गया है कि नमो भारत हाईस्पीड ट्रेन 20 मई 2025, मंगलवार से पूरे कॉरिडोर पर दौड़ेगी। NCRTC की टीम ने दिन-रात मेहनत करके स्टेशन को तैयार कर दिया है। आज मैनेजिंग डायरेक्टर की मौजूदगी में पूरे दिन ट्रायल रन किया जा रहा है। इससे ये सुनिश्चित हो सकेगा कि ट्रेन का संचालन पूरी तरह सुरक्षित है।

मंगलवार से शुरू हो सकती है नमो भारत

अगर ट्रायल सफल रहा, तो 20 मई 2025, मंगलवार सुबह 6 बजे से नमो भारत फिर से मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर तक चलेगी। NCRTC के चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर पुनीत वत्स ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आंधी के कारण न्यू अशोक नगर स्टेशन पर नुकसान हुआ था। इस नुकसान की मरम्मत पूरी हो चुकी है। आज पूरे दिन ट्रायल रन किया जा रहा है। अगर सब ठीक रहा, तो मंगलवार सुबह 6 बजे से नमो भारत ट्रेन का परिचालन पहले की तरह शुरू किया जा सकता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story