Namo Bharat: कांवड़ियों के लिए NCRTC की खास पहल, अब 10 मिनट के गैप पर चलेगी ट्रेन
नमो भारत ट्रेन की टाइमिंग में बदलाव।
Namo Bharat Train Timing Change: आज से सावन के महीने की शुरुआत हो गई है। इस पावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार कांवड़ लाने के लिए जाते हैं। दिल्ली-मेरठ और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा करते हैं। ऐसे में नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) ने यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नमो भारत ट्रेन की टाइमिंग में बदलाव किया है।
नई टाइमिंग के तहत, अब सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम को 5 बजे से 8 बजे तक हर 10 मिनट के गैप पर ट्रेन मिलेगी। इसके अलावा बाकी के समय में पहले की तरह 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इस वजह से हुआ बदलाव
बता दें कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन किया जाता है। कई मुख्य सड़कों पर बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों पर रोक लगा दी जाती है। ऐसे में नमो भारत ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। माना जा रहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इस सुविधा का लाभ उठाएंगे।
बता दें कि अभी दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी के सेक्शन पर नमो भारत ट्रेनें दौड़ रहीं हैं। इस सेक्शन पर कुल 11 स्टेशन पड़ते हैं, जिस पर यात्रियों का आंकड़ा 1.25 करोड़ के पार पहुंच गया है।
स्टेशनों पर सुरक्षा के खास इंतजाम
दिल्ली से मेरठ के पूरे कॉरिडोर पर अभी नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हुआ है। मेरठ में इस समय नमो भारत और मेरठ मेट्रो से जुड़े काम चल रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी जरूरी कदम उठाए गए हैं। NCRTC की ओर से मेरठ में साइट्स स्टेशनों के पास सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा नमो भारत अलाइनमेंट से गुजरने वाली सड़कों पर गड्ढों और खराब हिस्सों को भी ठीक कर दिया गया है।
