Delhi Accident: दिल्ली में तेज रफ्तार कार का कहर, दो लोगों को कुचला, मौत

मोती नगर में कार हादसा।
Delhi Accident: पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे दो लोगों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये दर्दनाक हादसा जखीरा गोल चक्कर के पास हुआ। तेज गति से आ रही एक कार ने पहले सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग ठेले वाले को टक्कर मारी। इसके बाद फुटपाथ पर चल रहे एक अन्य व्यक्ति को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान आनंद पर्वत के नेहरू नगर के रहने वाले 45 वर्षीय मुनिराज और दिल्ली के जखीरा में रहने वाले 70 वर्षीय सुरेश पाल के रूप में हुई है। मुनिराज पेशे से एक पेंटर था। सुरेश पाल सड़क के किनारे मूंगफली की रेहड़ी लगाते थे। मुनिराज के भतीजे ने बताया कि मुनिराज जब घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हुआ। वहीं सुरेश रोजाना की तरह सड़क किनारे मूंगफली बेच रहे थे।
जिस कार से हादसा हुआ, उसका नंबर हरियाणा का है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। हालांकि अब तक आरोपी के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है।
वहीं पेंटर मुनिराज के परिवार को आशंका है कि कार चलाने वाला व्यक्ति शराब के नशे में धुत था। इसलिए उसकी कार ने नियंत्रण खो दिया और इस कारण दो लोग इस हादसे में शिकार हो गए। दोनों को अपनी जान गंवानी पड़ी। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि आरोपी नशे में था। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी। उन्होंने कहा कि अगर फुटपाथ पर ज्यादा लोग होते, तो वो भी उस तेज रफ्तार कार की चपेट में आ सकते थे।
