Weekend Trip: सुबह जाएं शाम को आएं, मानसून में दिल्ली के पास घूमने की 5 खूबसूरत जगह

दिल्ली के पास मानसून में घूमने के लिए 5 बेस्ट जगह।
बारिश का मौसम सभी को पसंद है। हर कोई चाहता है कि घर से बाहर निकलकर बारिश का आनंद ले। नौकरी हो या बिजनेस, घर से बाहर निकलना आसान नहीं होता है। लेकिन, जब भी छुट्टी हो और बारिश हो रही हो तो घूमना बनता है। मौसम विभाग की मानें तो 3 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो आप मानसून की बारिश के बीच इस वीकेंड को जश्न में तब्दील कर सकते हैं।
खास बात है कि इसके लिए न तो आपकी जेब पर खर्चा बढ़ेगा और न ही अतिरिक्त छुट्टी लेने की आवश्यकता होगी। दरअसल, हम आपको दिल्ली एनसीआर की ऐसी खूबसूरत लोकेशन के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप सुबह जाकर शाम को वापस घर लौट सकते हैं। तो देरी किस बात, चलिये जान लीजिए दिल्ली के पास मानसून फ्रेंडली लोकेशन के बारे में...
सुल्तानपुर पक्षी अभयारण्य
दिल्ली से करीब एक घंटे की दूरी पर स्थित गुरुग्राम में सुल्तानपुर पक्षी अभयारण्य है, जो कि बेहद खूबसूरत है। यहां बेरी, अकेशिया नीलोटिका, अकेशिया टॉर्टिला जैसे कई पेड़ और कई प्रकार की वनस्पतियां देखने को मिल सकती हैं। प्राकृतिक नजारे के बीच आप पक्षियों की तस्वीरें भी अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं। इस पार्क के भीतर चार बर्ड बॉचिंग टावर है। इनमें से आप कोई भी टावर चुनकर प्राकृतिक दृश्य का आनंद ले सकते हैं।

सुल्तानपुर पक्षी अभयारण्य और फर्रुखनगर किला
फर्रुखनगर किला
गुरुग्राम के दर्शनीय स्थलों में फर्रुख नगर किला भी शामिल है। इसका निर्माण मुगल सम्राट फौजदार खान ने 1732 में करवाया था। इस किले को दिल्ली दरवाजा के नाम से भी पहचाना जाता है। यह किला सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है।
नीमराणा फोर्ट
दिल्ली से करीब ढाई घंटे की दूरी पर स्थित नीमराणा फोर्ट भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बिंदू रहा है। यहां आप बारिश के दौरान किलों के नजारों का आनंद ले सकते हैं। बारिश के मौसम में अगर आप अपने दोस्तों या परिवार को इस जगह पर ले जाएंगे तो निश्चित ही उन्हें यह बारिश यादगार रह जाएगी।

नीमराणा फोर्ट, अरावली की पहाड़ियां, महादेव मंदिर नूंह
नूंह में कई खूबसूरत जगह
अरावली की पहाड़ियां बारिश के मौसम में और भी खूबसूरत नजर आती हैं। यहां का प्राकृतिक दृश्य आपको याद नहीं कराएगा कि आप दिल्ली के पास मौजूद हैं। आपको लगेगा कि दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी को कई किलोमीटर पीछे छोड़ दिया है। लेकिन असलियत यह है कि दिल्ली भले ही नजदीक हो, लेकिन सुकून ऐसा, जिसे पाने के लिए पर्यटक ऊंचे पर्वतों तक पहुंच जाते हैं। नूंह में हेरिटेज म्यूजियम, नल्हड़ महादेव का मंदिर भी मौजूद है। नल्हड़ महादेव बेहद प्राचीन मंदिर हैं, जिसका संबंध भगवान श्रीकृष्ण से है। मान्यता यह है कि अगर सच्चे दिल से प्रार्थना की जाए तो भगवान शिव उनकी हर मनोकामना पूरी करते हैं।
ढाबों की नगरी मुरथल
दिल्ली से करीब 45 मिनट की दूरी पर स्थित मुरथल भी बारिश के मौसम में घूमने की आदर्श जगह है। वजह यह है कि यहां कई ढाबे और रेस्तरां हैं। इस कारण इसे ढाबों की नगरी भी कहा जाता है। विशेषकर, अमरीक सुखदेव ढाबा ने तो विश्व स्तर पर भी पहचान हासिल कर रखी है। चाय पकोड़े हो या फिर आलू के पराठे, मुरथल के ढाबों का स्वाद आपको बार-बार यहां आने को मजबूर कर देगा।
