Delhi Blast: दिल्ली बम धमाके पर मनिका विश्वकर्मा ने लिखा नोट, पीड़ितों के लिए जताया दुख

दिल्ली धमाके पर मनिका विश्वकर्मा का पोस्ट।
Manika Vishwakarma on Delhi Blast: दिल्ली में 10 नवंबर की शाम धमाका हुआ। इस धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे के बाद पूरे देश ने इसको लेकर शोक जताया। इस बीच थाईलैंड में जारी 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं मनिका विश्वकर्मा ने भी इस घटना को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने इस पोस्ट के जरिए शोक जताया और एकजुटता का संदेश दिया।
मनिका विश्वकर्मा ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया पोस्ट
मनिका विश्वकर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'निशब्द और दिल तोड़ने वाला'। उन्होंने दिल्ली के लिए एक शोक संदेश लिखा। इस पोस्ट में उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'मेरे भारतीय साथियों, मेरी प्यारी दिल्ली और हाल ही में हुए दिल तोड़ने वाले ब्लास्ट से प्रभावित हर एक परिवार के लिए आज मेरा दिल भारी है। आपके साथ ही मेरा दिल भी इसके लिए शोक मना रहा है। हमारी प्यारी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए विस्फोट की खबर ने देश में सदमे और गहरे दुख की लहर दौड़ा दी है। भारत की एक बेटी होने के नाते, मैं इस दुख की घड़ी में आपके साथ खड़ी हूं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज पहनना एक बड़ी जिम्मेदारी है। ये एकता, शांति और करुणा का संदेश देने का मंच है। खासकर जब हम सभी का दिल टूटा हुआ हो। मैं आज उसी आवाज के तौर पर कह रही हूं कि हम बंटेंगे नहीं। इस दुख की घड़ी में एक दूसरे का ख्याल रखेंगे। साथ मिलकर सब ठीक करेंगे।' इस हादसे में मारे गए लोगों के साथ उन्होंने संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही एकजुट होने का आग्रह किया।
कौन हैं मनिका विश्वकर्मा?
बता दें कि मनिका विश्वकर्मा एक भारतीय मॉडल हैं, जिन्हें 18 अगस्त 2025 को मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज पहनाया गया था। 22 वर्षीय मनिका 21 नवंबर को थाईलैंड में होने वाले नॉन्थाबुरी के पाक क्रेट में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने सभी इवेंट्स में भारत को शानदार तरीके से रिप्रेजेंट किया है।
