Bhagwant Mann Health: मनीष सिसोदिया ने जाना भगवंत मान का हाल, बोले- शरीर ICU में, आत्मा पंजाब में

Bhagwant Mann Health Update
X

पंजाब के सीएम भगवंत मान और आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया। 

पंजाब के सीएम भगवंत मान को कल शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आज अस्पताल प्रबंधन ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर उनकी सेहत पर ताजा अपडेट दी है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत स्थिर बनी है। उन्हें शुक्रवार को मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पल्स रेट गिरने की वजह से उन्हें आईसीयू में ट्रांसफर करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने आज मेडिकल बुलेटिन जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री की पल्स रेट में सुधार देखा जा रहा है। मेडिकल टीमें लगातार उनके स्वास्थ्य स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रख रहे हैं।

सीएम भगवंत मान की तबीयत जानने के लिए दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया फोर्टिस पहुंचे। उनका हाल चाल जानने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सीएम भगवंत मान की तबीयत पिछले दो तीन दिन से खराब चल रही थी। उनका घर से ही इलाज चल रहा था। कल शाम अचानक उनकी पल्स रेट नीचे गिर गई थी, जिस कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। कल से वे डॉक्टरों की देखरेख में हैं।

उन्होंने बताया कि अभी उनकी तबीयत ठीक है, पल्स रेट ठीक है, घबराने की बात नहीं है। डॉक्टरों के हिसाब से उन्हें दो से तीन दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा। इसके बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर पंजाब के लोगों के लिए फिर से काम करेंगे। अभी शरीर अस्पताल में है, लेकिन आत्मा पंजाब में है। पंजाब में बाढ़ की स्थिति है, उस पर ही बात कर रहे थे। कह भी रह थे कि जब तक अस्पताल में रहूंगा, तब भी अधिकारियों से बातचीत करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में बाढ़ के बाद हालात संभालना है। उन्होंने कहा कि जब तक अस्पताल में रहेंगे, तब भी अधिकारियों से बात करता रहूंगा।

क्या हुआ था भगवंत मान को

सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि भगवंत मान पिछले कई दिनों से वायरल बुखार और पाचन संबंधित दिक्कतों का सामना कर रहे थे। कल तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। ऐसे में शाम को होने वाली कैबिनेट मीटिंग को स्थगित करना पड़ा था।

बाढ़ की स्थिति पर होनी थी चर्चा

सीएम भगवंत मान लगातार पंजाब के बाढ़ हालातों पर नजर रख रहे थे। वे लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। शुक्रवार को कैबिनेट मीटिंग होनी थी, जिसमें बाढ़ की स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा होनी थी। लेकिन इस बैठक के होने से पहले ही भगवंत मान की तबीयत बिगड़ गई, जिस कारण इस बैठक को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story