Delhi Murder Case: साधु का वेश धरकर आया पति, प्लान बना कर की पत्नी की हत्या, जानें क्या है मामला?

दिल्ली में पति ने की पत्नी की हत्या।
Delhi Murder Case: दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय इलाके में एक 50 साल की महिला किरण झा की हत्या कर दी गई। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका पति प्रमोद झा उर्फ पप्पू है, जो बीते 10 सालों से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। आरोपी पति साधु के वेश में घर आया और हथौड़े से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतका किरण झा अपने बेटे दुर्गेश, बहू कमल और पोते के साथ रहती थी। घरेलू हिंसा के कारण वो बीते 10 सालों से अपने पति से दूर रह रही थी। वो दिल्ली में एक केयरटेकर के रूप में काम करती थी।
इस बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी साउथ अंकित चौहान ने बताया कि किरण का पति लगभग एक दशक से उससे अलग रहता था। 1 अगस्त को ही वो बिहार के मुंगेर जिले में स्थित अपने पैतृक गांव से दिल्ली आया था। उसने अपने परिवार वालों को गुमराह करने के लिए और घर में घुसने के लिए साधु का वेश बनाया। सुबह लगभग 4 बजे किरण की बहू ने खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी के पास आय का कोई साधन नहीं था। उसने अपनी पूरी पैतृक संपत्ति भी धीरे-धीरे बेच दी। वो अपनी पत्नी पर बिहार वापस लौटकर पैसा कमाने का दबाव बना रहा था। पत्नी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
इस बारे में जानकारी देते हुए मृतका की बेटी रोमा ने बताया कि आरोपी उसकी मां के साथ मारपीट और शारीरिक दुर्व्यवहार किया करता था। इसके कारण किरण ने उसे छोड़कर दिल्ली में नए सिरे से जीवन शुरू किया। दो महीने पहले परिवार किसी अंतिम संस्कार के सिलसिले में बिहार गया था, जहां प्रमोद ने सुधरने और हिंसा छोड़ने का नाटक किया। इसके बाद वो यहां आया और मां से बिहार चलने के लिए कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके कारण उसने साधू का वेश बनाया और धोखे से घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि किरण के कमरे से हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया हथौड़ा भी बरामद हुआ है। वहीं घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में प्रमोद को रात 12:50 बजे कपड़े बदलने के बाद घर से बाहर निकलते हुए देखा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
