Delhi MCD: कई देशों के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से की भेंट, समझा निगम प्रशासन-ठोस कचरा प्रबंधन का काम

international delegation meeting with MCD Mayor Iqbal Singh
X

एमसीडी मेयर इकबाल सिंह के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक।

Delhi MCD: स्टडी विजिट पर मालदीव, नेपाल सहित अन्य देशों के 30 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली नगर निगम की कार्यशैली को समझा।

नई दिल्ली/दयाराम: मालदीव, नेपाल सहित अन्य देशों के 30 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली नगर निगम का काम समझने के लिए महापौर राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की। ये दौरा भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के सहयोग से आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली नगर निगम मुख्यालय, मुखर्जी सिविक सेंटर में दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की। इस दौरान निगम प्रशासन एवं ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित निगम की कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त की।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि विश्व के विभिन्न देशों से पधारे इस प्रतिष्ठित प्रतिनिधिमंडल का दिल्ली नगर निगम में स्वागत करना हमारे लिए गर्व का विषय है। महापौर ने बताया कि दिल्ली नगर निगम एशिया के सबसे बड़े नगरीय निकायों में से एक है, जो लगभग 2 करोड़ की आबादी को सेवाएं प्रदान करता है। महापौर सिंह ने कहा कि हमें आशा है कि इस दौरे से आप हमारे कार्यप्रणाली की बेहतर समझ प्राप्त करेंगे। साथ ही हम भी आपके देशों की श्रेष्ठ प्रणालियों से सीखने की अपेक्षा रखते हैं। इस अवसर पर उपमहापौर जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, सदन के नेता प्रवेश वाही स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सुन्दर सिंह, निगमायुक्त अश्विनी कुमार सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निगम शासन को अधिक पारदर्शी बनाना हमारी प्राथमिकता

महापौर ने कहा कि हम निगम शासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सतत विकास, जनसहभागिता और नवाचार को प्राथमिकता दे रहे हैं। ठोस कचरा प्रबंधन हमारे लिए एक प्रमुख चुनौती है। इसके समाधान के लिए हमने स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक लैंडफिल प्रबंधन, वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाएं तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

ठोस कचरा प्रबंधन हमारे लिए एक प्रमुख चुनौती

दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को टाउन प्लानिंग, दिल्ली मास्टर प्लान, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान संस्कृति प्रणाली की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त ठोस कचरा प्रबंधन की विस्तृत प्रक्रिया, कचरे का उत्पादन, प्राथमिक एवं द्वितीयक पृथक्करण, परिवहन, तथा अंतिम निपटान की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। साथ ही दिल्ली के एक भू-आवेष्ठित (लैंडलॉक्ड) मेगा सिटी होने के कारण शहरी कचरा प्रबंधन में आने वाली विशिष्ट चुनौतियों को भी साझा किया गया।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story