Rain Updates: नया पश्चिमी विक्षोभ हो रहा एक्टिव, दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की संभावना, जानिये डेट

दिल्ली एनसीआर में फिर से दो दिन बाद बारिश की संभावना जताई गई है।
देश की राजधानी दिल्ली के लोगों को आज भी कोहरे और सर्द हवा का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान पर बादलों की आवाजाही रही। मौसम विभाग की मानें तो दो दिन के बाद फिर से पश्चिमी विक्षोभ बनने जा रहा है, जिसके चलते दिल्ली एनसीआर में फिर से बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज बुधवार को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 5.2 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आज सर्द हवा की रफ्तार कम रही, लेकिन कल यानी 29 जनवरी से हवा की स्पीड 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।
31 जनवरी को झमाझम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते दो दिन बाद दिल्ली एनसीआर में बारिश की संभावना है। विशेषकर 31 जनवरी को गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। रात के समय हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। यही नहीं, एक फरवरी को भी बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा दो और तीन फरवरी को भी सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
हाथों में छाता लिए दिखे लोग
कल यानी मंगलवार को बारिश की वजह से दिल्ली के लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को आज भी आशंका थी कि आज भी बारिश हो सकती है। ऐसे में कई लोग छाता लेकर घर से निकले। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दिल्ली के किसी भी क्षेत्र से बारिश की खबर सामने नहीं आई है।
