गाजियाबाद में 'लव जिहाद' का आरोप! दुकान में हुई तोड़फोड़, लड़की के बयान का वीडियो आया सामने

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन इलाके के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में कथित लव जिहाद का मामला सामने आया। इसके कारण हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अकबर नाम के शख्स पर एक आरोप लगा कि वो एक हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसने लड़की के साथ शारीरिक शोषण किया और उसे मानसिक रूप से भी परेशान किया। जब ये मामला सोशल मीडिया और आसपास फैला, तो कथित रूप से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अकबर की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
हालांकि बाद में खुलासा हुआ कि अकबर पर जिस लड़की को बंधक बनाने का आरोप लग रहा है, वो उसकी पत्नी है। उसने तीन साल पहले ही पड़ोस में रहने वाली हिंदू लड़की से शादी कर ली थी। हालांकि जब मामले ने तूल पकड़ा, तो पुलिस मौके पर पहुंची।
बता दें कि 2 दिन पहले लड़की के परिवार ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी थी कि अकबर ने लव जिहाद कर उनकी बेटी को फंसाया। FIR के अनुसार, लड़की के पिता का कहना है कि उनकी बेटी ब्यूटी पार्लर चलाती है और उसकी उम्र 22 साल है। पास में जनसेवा केंद्र चलाने वाले मुस्लिम युवक अकबर और मकसद ने उनकी बेटी को बंधक बनाया। जब वे अपनी बेटी को लेने वहां पहुंचे, तो 4-5 महिलाओं ने उन्हें पकड़ लिया।
परिजनों का आरोप है कि अकबर ने धमकी देते हुए उनसे कहा कि लड़की की शादी उससे कर दो, नहीं तो तुम्हें जान से मार देंगे। लड़की के पिता ने कहा कि जब हमने विरोध किया, तो उन्होंने मेरी पत्नी की ज्वेलरी झपट ली। इसके बाद अकबर लड़की को लेकर भाग गया। इस बात की भनक लगते ही हिंदू संगठनों के लोगों ने थाने का घेराव किया और शाम को अकबर की जनसुविधा केंद्र के दुकान पर तोड़फोड़ की। इसके बाद अकबर को जेल भेज दिया गया।
लड़की का वीडियो आया सामने
वहीं इस मामले में हिंदू लड़की के बयान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लड़की ने कहा कि वो अकबर के साथ 9 साल से रिश्ते में है। 3 साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। लड़की ने कहा कि वो पार्लर चलाती है और मम्मी-पापा उसी दुकान पर आए और मारपीट की। इसके कारण वो डर गई और अपने पति अकबर के साथ चली गई। उसके माता-पिता अकबर के घरवालों और अकबर को परेशान कर रहे हैं।
