Building Maps: गुरुग्राम और फरीदाबाद में AI से बनेंगे नक्शे, 5 मिनट में होगा काम

एआई बनाएगा बिल्डिंग के नक्शे।
Building Maps: गुरुग्राम और फरीदाबाद नगर निगम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड पोर्टल शुरू करने जा रहे हैं। इनकी मदद से भवनों के नक्शे को सिर्फ 5 मिनट के अंदर मंजूरी मिल सकेगी। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। एआई की मदद से नक्शे बनने से नक्शा मंजूरी की लंबी और थकाऊ प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। साथ ही शहर में अवैध निर्माणों पर प्रभावी रूप से रोक लग सकेगी।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम नगर निगम में भवनों के नक्शे पास करने के लिए अभी तक अपना कोई पोर्टल नहीं है। अभी तक शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से 'होब पास' नाम के पोर्टल से भवनों के नक्शे पास होते थे। ये पोर्टल मुश्किल से 200 दिन भी नहीं चल पा रहा था। इसकी वजह से लोग अपनी बिल्डिंग्स के नक्शे पास नहीं करा पा रहे थे। ये पोर्टल पिछले 6 महीने से पूरी तरह से बंद है। इसके कारण लोगों को अब सरल पोर्टल के जरिए अपने भवनों के नक्शे पास कराने के लिए आवेदन देना पड़ रहा है। इसमें लोगों को एक से दो महीने धक्के खाने पड़ रहे हैं।
नियमों के अनुसार, बिल्डिंग का नक्शा 30 दिनों में पास किया जाना चाहिए, लेकिन व्यवस्था खराब होने के कारण लोगों को दो-दो महीने तक नक्शे के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। नक्शे मंजूर करवाने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे इंतजार के कारण पूरे साल मुश्किल से 300 से 400 लोग ही नगर निगम से अपने भवनों के नक्शे पास करा पाते हैं। इस प्रक्रिया से बचने के लिए लोग निगम की अनुमति के बिना ही अवैध निर्माण करा रहे हैं। इससे नगर निगम को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
इसी समस्या को देखते हुए नगर निगम की तरफ से एआई के माध्यम से नया पोर्टल बनाने की तैयारी की जा रही है। निगम के इस कदम से शहर में अवैध निर्माणों पर रोक लग सकेगी और करोड़ों का राजस्व बढ़ेगा। इसके लिए फरीदाबाद नगर निगम ने तेलंगाना की एक एजेंसी से संपर्क किया है। एजेंसी जल्द नगर निगम मुख्यालय में अपनी डिजाइन और कार्यप्रणाली को पेश करेगी। अगर निगम के अधिकारियों को सब सही लगता है, तो जल्द ही इस पर मुहर लग सकती है।
