Greater Noida: कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किया दुष्कर्म... ग्रेटर नोएडा में सास का दामाद पर आरोप

ग्रेटर नोएडा में महिला ने दामादा पर लगाया दुष्कर्म करने का आरोप। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Greater Noida Rape Case: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यह मामला ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे का है। जहां पर महिला ने अपने फौजी दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसके दामाद ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर होटल में दुष्कर्म किया। इसके अलावा आरोपी दामाद ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया और सास को ब्लैकमेल करके कई बार यौन शोषण किया। महिला ने पुलिस को इसकी शिकायत दी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी ने उसकी प्रॉपर्टी हड़पने के लिए डॉक्यूमेंट भी कब्जे में लिए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के पति की मौत 2013 में हो गई थी। इसके बाद उन्होंने साल 2018 में अपनी इकलौती बेटी की शादी ककौड़ के रहने वाले युवक से शादी की। महिला का दामाद आर्मी में है।
कब हुई थी वारदात?
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में वह अपने दामाद के साथ कार से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान उसके दामाद ने तबीयत बिगड़ने का बहाना बनाकर होटल में रूम बुक कर लिया। महिला ने बताया कि उसके दामाद ने कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिससे उसे नशा हो गया। इसके कारण महिला बेहोश हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी दामाद ने उनके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
महिला ने बताया कि जब वह होश में आई, तो उन्होंने विरोध किया, जिस पर दामाद ने वीडियो दिखाकर चुप रहने को कहा। आरोपी दामाद ने धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो वह वीडियो वायरल कर देगा। इसके डर से महिला ने किसी को घटना के बारे में कुछ नहीं बताया।
ब्लैकमेल करके किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि उसके दामाद ने वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल किया और कई बार होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला से उसकी प्रॉपर्टी के डॉक्यूमेंट भी ले लिए। पीड़ित महिला ने बताया कि वह बेटी का बसा हुआ घर उजाड़ना नहीं चाहती थी, जिसकी वजह से चुपचाप सबकुछ सहती रही। हालांकि बाद में सारी हदें पार होने पर महिला ने काफी हिम्मत करके पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
