Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में हर्ष फायरिंग... 10 साल के बच्चे के सिर में लगी गोली, 2 अरेस्ट

Greater Noida Harsh Firing
X

ग्रेटर नोएडा में हर्ष फायरिंग में 10 साल के बच्चे को लगी गोली। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक 10 साल के बच्चे को गोली लग गई। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Greater Noida News: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक दुखद घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला चमरू गांव में एक शादी समारोह में गम का माहौल बन गया। समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग हुई, जिसमें एक 10 साल के कृष के सिर में गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से शादी का पूरा माहौल दहशत में बदल गया।

परिजनों ने आनन-फानन में घायल बच्चे को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल बच्चे का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना रविवार की रात शादी समारोह के दौरान हुई।

कैसे हुई घटना?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना रविवार रात को नगला चमरू गांव के रहने वाले सतीश के घर में हुई। सतीश की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी की बारात खैरपुर गांव से आई थी। रात करीब 10 बजे घुड़चढ़ी के दौरान 10 साल का कृष भी बारात देखने के लिए पहुंचा था। सभी लोग शादी के समारोह का जश्न मना रहे थे। इस दौरान लाइसेंसी पिस्टल से एक पक्ष द्वारा फायरिंग की गई। अचानक गोलियां चलने से एक गोली मासूम कृष के सिर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

2 आरोपियों को पकड़ा गया

घटना की सूचना मिलते ही जारचा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़ित कृष के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए, जिसकी बाद हर्ष फायरिंग में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। फिलहाल कानूनी रूप से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

क्या है हर्ष फायरिंग?

बता दें कि हर्ष फायरिंग अक्सर खुशी के मौके पर की जाती है। हालांकि अगर इस दौरान कोई लापरवाही होती है, तो कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल जाती हैं। नोएडा में इससे पहले भी हर्ष फायरिंग के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story