Gold-Silver Rate: दिल्ली में सोने-चांदी के दाम धड़ाम, 4000 रुपए से ज्यादा घटी कीमत

Gold-Silver Rate: दिवाली जा चुकी है और 1 नवंबर से शादी का सीजन शुरू होने वाला है। दिवाली से पहले सोने ने रिकॉर्ड तोड़ बढ़त की। सोने ने अक्टूबर में 1,32,920 रुपए प्रति 10 ग्राम का ऑलटाइम हाई बनाया। हालांकि दिवाली के बाद सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की जाने लगी। आज लगातार चौथे दिन सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। आज 24 कैरेट गोल्ड की कीमतों में 4690 रुपए प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोने की कीमतों में 4300 रुपए प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट गोल्ड की कीमत में 3500 रुपए प्रति 10 ग्राम के हिसाब से गिरावट दर्ज की गई है। चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। आज चांदी की कीमत में 4000 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से गिरावट दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन 24 कैरेट सोने की कीमत 1,30,730 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो आज 4690 रुपए गिरने के बाद 1,26,040 रुपए पहुंच गई है। वहीं कल 22 कैरेट सोने की कीमत 1,19,850 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो 4300 रुपए गिरने के बाद 1,15,550 रुपए पहुंच गई है। वहीं 18 ग्राम सोने की कीमत कल 98090 रुपए दर्ज की गई थी, जो अब 3520 रुपए गिरने के बाद 94570 रुपए पहुंच गई है।
वहीं अगर चांदी की बात करें, तो चांदी का ऑलटाइम हाई 1,90,000 रुपए था, ये रेट 15 अक्टूबर को दर्ज किया गया। हालांकि 16 अक्टूबर से चांदी की कीमत में गिरावट दर्ज की गई, जो 22 अक्टूबर तक 30,000 रुपए घट गई है। बीते दिन चांदी की कीमतों में 8000 रुपए प्रति किलो के हिसाब से गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद चांदी की कीमत 1,64,000 रुपए पहुंच गई। वहीं आज चांदी की कीमतों में 4000 रुपए की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद चांदी की कीमत 1,60,000 रुपए पहुंच गई है।

ऐसे में अगर आपके घर में भी शादी है, या आप किसी और चीज के लिए सोने-चांदी की चीजें खरदीने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छा मौका है। ऐसे में सोने-चांदी के जेवर या अन्य चीजों की खरीदारी करना आपके लिए फायदे का सौदा हो सकता है।
