Ghaziabad News: गाजियाबाद में विजिलेंस टीम के जाल में फंसा SHO, रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

गाजियाबाद में रंगे हाथों 50 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया थाना प्रभारी
Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर से पुलिस प्रसाशन को शर्मिंदा करने वाला एक मामला सामने आया है। मेरठ की विजिलेंस टीम ने निवाड़ी थाना में छापेमारी की और इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी जयपाल सिंह को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। शुरु में थाना प्रभारी ने विजिलेंस टीम पर रौब झाड़ना शुरू किया लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गाजियाबाद के ही एक गांव अबूपुर के रहने वाले राकेश कुमार ने मेरठ विजिलेंस टीम को इसके बारे में शिकायत दी थी। उन्होंने टीम को बताया कि थाना प्रभारी उनसे एक केस में उनका नाम निकालने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। इसके बाद सीओ आजाद सिंह केसरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
टीम ने थाना प्रभारी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए एक प्लान बनाया और राकेश कुमार को केमिकल लगे हुए नोट देकर मंगलवार को दोपहर 1 बजे के आसपास थाना प्रभारी जयपाल सिंह के पास भेजा। जब राकेश ने थाना प्रभारी को 50 रुपए दिए तो इसी दौरान विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर दी और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। शुरुआत में थाना प्रभारी जयपाल सिंह रौब झाड़ने लगा लेकिन जब टीम ने उनके दोनों हाथ पानी में डलवाए तो पानी का रंग लाल हो गया।
शिकायतकार्ता राकेश का नाम पोस्टर फाड़ने के एक मामले में सामने आया था। उसी केस से नाम निकाल ने के लिए थाना प्रभारी जयपाल सिंह 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए मोदीनगर के एसीपी अमित सक्सेना ने कहा कि मामला अभी संज्ञान में आया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
बता दें कि अब से एक महीने पहले ही गाजियाबाद जिले की महिला थाने की दरोगा को साहिबाबाद रिपोर्टिंग चौक पर एंट्र करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। इसके अलावा यह महिला दरोगा गाजियाबाद में एक साल पहले यूपी महिला पुलिस के पहले एनकांउंटर टीम का हिस्सा थी जिसे केवल महिला पुलिसकर्मियों ने अंजाम दिया था।
