Ghaziabad Murder Case: हरे सूटकेस में मिला लाश का खुल गया राज, गाजियाबाद पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार

Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में नहर के किनारे एक सूटकेस में महिला की लाश मिली थी। गाजियाबाद पुलिस ने कड़ा मशक्कत के बाद महिला की लाश की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने महिला की हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी कोई और नहीं बल्कि महिला के दो देवर और ससुर थे।
बता दें कि 10 जून को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना इलाके के बेहटा हाजीपुर नहर के पास एक हरे रंग का सूटकेस पड़ा हुआ था। इस सूटकेस से काफी बदबू आ रही थी। राहगीरों ने पुलिस को इसके बारे में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सूटकेस खोला, तो अंदर महिला की लाश थी। पुलिस ने अज्ञात महिला की हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। इस मामले में पुलिस ने महिला के ससुर 52 वर्षीय हरवीर सिंह, 22 वर्षीय सुमित और 18 वर्षीय गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने मिलकर महिला के दुपट्टे से उसका गला दबाकर उसकी हत्या की। इसके बाद शव को घर में रखे सूटकेस में भरकर ठिकाने लगाने जा रहे थे। इसके बाद आरोपी बाइक पर शव को रखकर लेकर जा रहे थे, लेकिन सूटकेस बीच में ही गिर गया। डर के कारण आरोपी उस सूटकेस को वहीं छोड़कर भाग गए।
बता दें कि मृतका की पहचान 25 वर्षीय कविता के रूप में हुई है। वो मूल रूप से पंजाब की रहने वाली है। महिला दिल्ली के करावल नगर इलाके में अपने पति सागर और ससुराल वालों के साथ किराए के मकान में रहती थी। चार साल पहले उसने सागर से लव मैरिज की थी। दोनों की एक बेटी भी है।
जानकारी के अनुसार, आए दिन महिला और उसके ससुराल वालों के साथ विवाद होता रहता था। 4 जून को लगभग शाम 4 बजे अपनी बेटी को पीट रही थी। इसके कारण उसके देवर से उसकी कहासुनी हो गई। इस दौरान कविता ने अपने देवर को थप्पड़ मार दिया। इस बात से नाराज देवर सुमित ने कविता की गर्दन पकड़कर फसे बेड पर पटक दिया। इसके बाद पिता की मदद से महिला के दुपट्टे से ही उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उन्होंने शव को ठिकाने लगाने के लिए गुड्डू को बुलाया था।