Ghaziabad Nagar Nigam: गाजियाबाद में चलेगी विकास की लहर, क्रॉसिंग रिपब्लिक, मोहन नगर और नंदग्राम में होंगे ये काम

गाजियाबाद नगर निगम।
Ghaziabad Nagar Nigam: गाजियाबाद नगर निगम शहर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं के लिए 250 करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहा है। इसके लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नगर निगम की इस पहल से शहर की तरक्की होगी। साथ ही इलाके के निवासियों को भी फायदा होगा।
इन जोन में कराए जाएंगे विकास कार्य
गाजियाबाद नगर निगम के प्रोजेक्ट्स के तहत विजय नगर जोन के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में चार बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। इनमें एक म्यूजियम, एक अस्पताल, एक प्लेइंग ग्राउंड बनाने के साथ ही एक भव्य मंडप बनाने की भी योजना है। वहीं गाजियाबाद के ही मोहन नगर जोन में आने वाले शहीद नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। सिटी जोन के नंदग्राम इलाके में आधुनिक स्पोर्ट्स जोन बनाए जाने की योजना है। साथ ही एक ट्रैफिक पार्क भी बनाया जाएगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नगर निगम को दिए निर्देश
सोमवार को गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने विकास परियोजनाओं को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में मोहन नगर, नंदग्राम और क्रॉसिंग रिपब्लिक जोन में आने वाली परियोजनाओं को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शहर के प्रमुख इलाकों, रास्तों और वार्डों में चल रहे 250 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। इन निर्माण कार्यों में सड़क निर्माण, नाले का निर्माण और बाउंड्री का निर्माण आदि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत किए जाएंगे विकास कार्य
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के मोहन नगर, नंदग्राम और क्रॉसिंग रिपब्लिक जोन में शुरू होने वाली ये सभी परियोजनाएं मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत चलाई जा रही हैं। इन परियोजनाओं के तहत गाजियाबाद के विकास और सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे गाजियाबाद शहर भी विकसित और आकर्षक बन सकेगा।
