Flood Alert: गाजियाबाद के 32 गांवों में बाढ़ का खतरा, दिल्ली भी डूबेगी? अलर्ट जारी

Flood Alert for Ghaziabad
X

दिल्ली एनसीआर में बारिश के चलते भारी जलभराव, मंडराया बाढ़ का खतरा

गाजियाबाद से गुजरने वाली हिंडन दिल्ली में भी बाढ़ का कारण बन सकती है। गाजियाबाद जिला प्रशासन ने यमुना और हिंडन के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है।

पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। लगातार आशंका बनी है कि दिल्ली को 2023 की तरह बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन, दिल्ली को डूबने से पहले गाजियाबाद के 32 गांवों को जलमग्न कर सकती है। यही वजह है कि संबंधित जिला प्रशासन ने इन लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के चलते गाजियाबाद से गुजरने वाली हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। चूंकि इस डूब क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माण हुआ है, लिहाजा यह रहने वाले लोगों को तुरंत जगह खाली करने के लिए कहा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि दो साल पहले भी हिंडन में आई बाढ़ की वजह से कई गांव जलमग्न हो गए थे। इस बार भी पहाड़ों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते बाढ़ का खतरा बना है।

हिंडन के डूब क्षेत्र में चल रहे स्कूल

अधिकारियों का कहना है कि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में घर और ऑफिस बने हैं। यहां तक कि स्कूल भी बना लिए गए हैं। एनजीटी ने आदेश दिया था कि डूब क्षेत्र में अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद लोगों ने पक्के निर्माण कर रखे हैं। संबंधित सिंचाई विभाग ने डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया था। अब जिला प्रशासन ने भी संबंधित लोगों को अलर्ट जारी कर कहा है कि बाढ़ आने से जानमाल की हानि हो सकती है, लिहाजा तुरंत क्षेत्र को खाली करना है।

मुनादी भी कराई जाएगी

मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि सभी उपजिलाधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं कि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को क्षेत्र से हटाकर हर प्रकार की गतिविधियों को बंद कराया जाए। मुनादी कराकर भी लोगों को अलर्ट किया जाएगा।

दिल्ली में फिर आएगी बाढ़?

गाजियाबाद से होते हुए हिंडन नदी का पानी गौतमबद्ध नगर के बाद यमुना में मिल जाता है। यमुना नदी लोनी से होते हुए दिल्ली में प्रवेश करती है। अगर गाजियाबाद डूबता है, तो निश्चित ही दिल्ली के भी डूबने की आशंका बन जाएगी। बता दें कि आज सुबह से दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश हो रही ळै। मौसम विभाग ने 3 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में संबंधित अधिकारी लगातार यमुना के जलस्तर पर भी नजर बनाए हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story