First PM House Sold: 1100 करोड़ में बिका पहला पीएम आवास, जानिए किसने खरीदा जवाहरलाल नेहरू का बंगला?

Jawaharlal Nehru House
X

जवाहर लाल नेहरू का बंगला बिका।

First PM House Sold: भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का बंगला हाल ही में बिक गया है। इस बंगले को 1100 करोड़ रुपए में बेचा गया है, जो देश की सबसे महंगी रिहायशी प्रॉपर्टी डील है।

First PM House Sold: दिल्ली के दिल में बसे लुटियंस बंगला जोन के हर बंगले की अपनी ही कहानी है। आज एक बार फिर लुटियंस बंगला जोन चर्चा में है। इसकी वजह है मोतीलाल नेहरू मार्ग पर स्थित बंगला नंबर 17। ये बंगला भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का पहला आधिकारिक निवास हुआ करता था, यानी पहला पीएम हाउस। हाल ही में इस बंगले को 1100 करोड़ रुपए में बेचा गया है। इसके बाद ये भारत की सबसे महंगी रिहायशी प्रॉपर्टी डील बन गई।

पहले इस बंगले को 17 यॉर्क रोड के नाम से जाना जाता था। हालांकि इसके बाद ये 17, मोतीलाल नेहरू मार्ग के नाम से जाना जाने लगा। ये सिर्फ एक बंगला नहीं, बल्कि देश के पहले प्रधानमंत्री का ठिकाना हुआ करता था, जहां अब उनकी यादें बसती हैं।

लुटियंस बंगला जोन का निर्माण साल 1912 से 1930 के बीच किया गया था। इसे ब्रिटिश आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस ने डिजाइन किया था। इसी जोन का हिस्सा था जवाहरलाल नेहरू का बंगला, जो 3.7 एकड़ में फैला है। कहा जाता है कि ये इलाका दिल्ली के सबसे रईस और ताकतवर लोगों का गढ़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, इस बंगले को बेचने के लिए 1400 करोड़ रुपए की मांग की गई थी, लेकिन एक बेवरेज इंडस्ट्री के कारोबारी ने इसे 1100 करोड़ में खरीद लिया। इस डील को अंतिम रूप देने के लिए एक नामी लॉ फर्म ने सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में कहा गया है कि अगर किसी भी इंसान, समुदाय आदि का इस प्रॉपर्टी पर दावा है, तो वो 7 दिन के अंदर सबूत दें।

इससे पहले राजकुमारी कक्कड़ और बीना रानी इस बंगले की मालकिन थीं। वे राजस्थान के एक शाही परिवार से हैं। वे बीते एक साल से इस प्रॉपर्टी को बेचने की कोशिश कर रही थीं। आखिरकार एक भारतीय उद्योगपति ने इस सौदे को अपने नाम कर लिया। हालांकि कारोबारी का नाम गोपनीय रखा गया है।

बता दें कि लुटियंस बंगला जोन दिल्ली का एक ऐसा इलाका है, जहां रईस और ताकतवर लोग रहते हैं। यहां केंद्रीय मंत्री, जज से लेकर वरिष्ठ सरकारी अधिकारी रहते हैं। लुटियंस बंगला जोन में लगभग 3000 बंगले हैं। इनमें से 600 प्रॉपर्टियां प्राइवेट हैं। कहा जाता है कि इन निजी प्रॉपर्टी को आम लोग नहीं खरीद पाते, क्योंकि इनकी कीमत सैकड़ों करोड़ में है। हालांकि यहां घर खरीदने वाले लोगों को देश का सबसे धनवान माना जाता है। पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा ने भी इस जोन में एक बंगला खरीदा था। इस इलाके में एक छोटा सा जमीन का टुकड़ा खरीदने में भी लोगों को करोड़ों रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story