Rishabh Tandon Death: बॉलीवुड-म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर, मशहूर सिंगर ऋषभ टंडन का हार्ट अटैक से निधन

गायक ऋषभ टंडन का निधन।
Rishabh Tandon Death: भारतीय संगीत जगत के मशहूर सिंगर, म्यूजिक कंपोजर और एक्टर ऋषभ टंडन के निधन की खबर है। बीती देर रात दिल्ली में अचानक उनका निधन हो गया। उन्होंने 35 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक रही। उनके आकस्मिक निधन से पूरी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। 'फकीर' सॉन्ग से प्रसिद्धि पाने वाले ऋषभ के फैंस भी इस खबर से हैरान हैं। वे सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
ऋषभ टंडन के करीबी दोस्त ने उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हार्ट अटैक के कारण ऋषभ अब इस दुनिया में नहीं रहे। ऋषभ अपनी पत्नी के साथ मुंबई में रहते थे। वे दिवाली का त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए दिल्ली आए थे।
बता दें कि ऋषभ टंडन एक बहुमुखी कलाकार थे। वे अपनी शांत और आध्यात्मिक छवि के लिए जाने जाते थे। वे मुख्य रूप से सिंगर और म्यूजिक कंपोजर थे। हालांकि उन्होंने एक्टिंग में भी अपना हाथ आजमाया था। उनका गाया हुआ 'फकीराना सॉन्ग' ऑल टाइम हिट रहा। इस गाने के कारण वे फैंस के बीच फकीर सिंगर के नाम से मशहूर हुए।
ऋषभ भगवान शिव के भक्त थे और उन्होंने 'शिव तांडव स्त्रोतम्' भी गाया था, जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया था। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहते थे। यहां वे अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और अपनी मूवीज, गाने आदि के बारे में फैंस को जानकारी दिया करते थे। यहां उनके 4.49 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। जानकारी के अनुसार, ऋषभ पेट लवर थे। उन्होंने कई जानवर पाले हुए थे। उनके मुंबई वाले घर में कई जानवर जैसे कुत्ते, बिल्लियां और पक्षी हैं। इनका वे खास ख्याल रखते थे।
बता दें कि एक समय ऋषभ का नाम एक्ट्रेस सारा खान से जुड़ा था। उस समय सारा और ऋषभ की फोटो वायरल हुई थी, जिसमें सारा ने सिंदूर लगाया हुआ था। हालांकि बाद में दोनों ने इसे अफवाह बताया और शादी की अफवाह को सिरे से खारिज कर दिया। ऋषभ की शादी रशियन लेडी Olesya Nedobegova हुई थी। ऋषभ और ओलेसा की मुलाकात एक शूटिंग सेट पर हुई थी। ऋषभ की डिजिटल सीरीज में ओलेसा ने बतौर लाइन प्रोड्यूसर काम भी किया था। दोनों ने साल 2023 में शादी की थी।
