दिल्ली में फिर बड़ा हादसा: न्यू उस्मानपुर में फैक्ट्री की छत गिरी, मलबे में दबे दो मजदूर

factory roof collapsed delhi
X

प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में एक फैक्ट्री की छत गिर गई। वहां काम करने वाले दो मजदूर मलबे में दब गए। यह पहला हादसा नहीं, जब जर्जर इमारत की वजह से लोगों ने जान गंवाई है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर के गढ़ी मेंढू गांव में शुक्रवार की शाम को एक फैक्ट्री की छत गिर गई। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। छत गिरने का तेज धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही, पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी। पुलिस ने घायलों को सिविल लाइन स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। घायलों का उपचार जारी है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई को शाम करीब छह बजे सूचना मिली थी कि न्यू उस्मानपुर थाना स्थित के गढ़ी मेंढू गांव स्थित एक फैक्ट्री की छत गिर गई है। उस वक्त दो मजदूर फैक्ट्री के भीतर थे। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों की मदद से दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान ताजीम और अकरम के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 25 साल है। दोनों का इलाज जारी है। संबंधित जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद जो भी तथ्य मिलेंगे, उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।

बता दें कि 12 जुलाई को भी उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में चार मंजिला इमारत ढह गई थी। हादसे में 2 साल की बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 8 लोग घायल हुए थे। यह मकान 30 गज में बना था। इससे पहले भी कई ऐसे हादसे हो चुके हैं, जब इमारत ढहने से लोगों की जान चली गई। दिल्ली जिला प्रशासन ने ऐसी जर्जर और खतरनाक इमारतों की पहचान सुनिश्चित कर कार्रवाई करने का दावा किया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं देखी गई है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story