Aryan Maan: कौन हैं डुसू के नए अध्यक्ष आर्यन मान? मासूम शर्मा ने किया था चुनाव प्रचार

डूसू अध्यक्ष के उम्मीदवार आर्यन मान।
DUSU President Aryan Maan: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (डूसू) चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के आर्यन मान ने डूसू अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने एनएसयूआई की जोसलिन नंदिता चौधरी को हराया। वहीं, डूसू के उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। आइए जानते हैं कौन हैं आर्यन मान, जो डूसू के नए अध्यक्ष चुने गए हैं...
कारोबारी परिवार से हैं आर्यन मान
एबीवीपी की ओर से डूसू अध्यक्ष बने आर्यन मान हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले हैं। आर्यन मान कारोबारी परिवार से आते हैं। उनके पिता सिकंदर मान बड़े शराब कारोबारी हैं। इसके अलावा आर्यन के पिता 2 बार लोका कला गांव के सरपंच भी रहे हैं। वहीं, उनके दादा कई सालों तक ग्राम प्रधान रहे थे। उनके परिवार का हरियाणा के राजनीतिक नेताओं से भी अच्छा संबंध है।
इसके अलावा आर्यन के ताया दलबीर भी शराब कारोबारी हैं। इसके साथ वे हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के करीबी रहे हैं। हालांकि हरियाणा में सत्ता बदलने के बाद उनके परिवार का झुकाव बीजेपी की ओर हो गया। उन्होंने बहादुरगढ़ के सेंट थॉमस स्कूल से पांचवी तक की पढ़ाई की।
एबीवीपी की ओर से शुरू की राजनीति
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो आर्यन मान ने अपनी कक्षा पांचवी तक की शुरुआती पढ़ाई बहादुरगढ़ के सेंट थॉमस स्कूल से की। इसके बाद दिल्ली के वसंत कुंज में जीडी गोयनका स्कूल से अपनी 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। फिर उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया और एबीवीपी से जुड़े।
अभी के समय में आर्यन डीयू से पुस्तकालय विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन (एमए) कर रहे हैं। वह लंबे समय से एबीवीपी की छात्र राजनीति से जुड़े हैं। आर्यन एबीवीपी के छात्र आंदोलनों में भी सक्रिय रहे हैं। फीस बढ़ोतरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में आर्यन मान की बड़ी भूमिका थी। इसके अलावा वह एक एक्टिव फुटबॉल प्लेयर भी हैं।
मासूम शर्मा ने किया था चुनाव प्रचार
एबीवीपी के आर्यन मान हरियाणा के सिंगर मासूम शर्मा के भी करीबी हैं। डूसू चुनाव के दौरान मासूम शर्मा ने आर्यन मान के लिए जोर-शोर से चुनाव प्रचार भी किया था। इसको लेकर थोड़ा विवाद भी हुआ था, जिस पर मासूम शर्मा ने सफाई दी थी। मासूम शर्मा ने कहा था कि आर्यन मान के साथ उनका पारिवारिक रिश्ता है। इसी वजह से वे आर्यन की ओर से प्रचार करने के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी आए थे।
आर्यन मान ने किए ये वादे
आर्यन मान ने डूसू चुनाव के लिए जोर-शोर से प्रचार किया था। वह महंगी और लग्जरी गाड़ियों से प्रचार करते हुए दिखाई दिए थे। उनके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान छात्रों से कई वादे किए। इनमें कैंपस में फ्री वाई-फाई, दिव्यांग छात्रों के लिए एक्सेसिबिलिटी ऑडिट, रिसर्च स्कॉलर्स को फाइनेंशियल सपोर्ट और खेल सुविधाओं को अपग्रेड करना शामिल है। इसके अलावा मेट्रो का सस्ता पास दिलाने का भी वादा किया है।
संजय दत्त ने भी थी वोट की अपील?
मासूम शर्मा के अलावा संजय दत्त ने भी आर्यन मान के लिए वोट की अपील की थी। इसका वीडियो आर्यन मान ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इस वीडियो में संजय दत्त आर्यन मान को वोट देकर जिताने की अपील कर रहे थे। हालांकि लोगों ने दावा किया यह वीडियो एआई से बनाया गया है। इस पर संजय दत्त की ओर से कोई बयान नहीं आया है। ऐसे में इसे एआई वीडियो माना जा रहा है।
