DUSU Elections: अरुण जेटली से रेखा गुप्ता तक...ये दिग्गज नेता रह चुके डूसू अध्यक्ष, जानें इतिहास

Delhi University Political History
X

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे चुके दिग्गज नेता।

DUSU Elections: दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ का चुनाव हो रहा है। डूसू चुनाव में अध्यक्ष चुने गए कई छात्र नेता ऐसे रहे हैं, जिन्होंने बाद में भारतीय राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया।

DUSU President History: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए आज यानी 18 सितंबर को मतदान हो रहा है। वर्तमान में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया के रौनक खत्री डूसू अध्यक्ष हैं। डूसू चुनाव का राजनीतिक इतिहास बहुत ही रोमांचक रहा है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र नेता ऐसे हैं, जो आगे चलकर भारतीय राजनीति में बड़े पदों तक पहुंचे। इनमें बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के नेता शामिल हैं, जो अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत में डूसू के अध्यक्ष रह चुके हैं। नीचे देखें सभी नेताओं की लिस्ट...

अरुण जेटली

भारत के पूर्व वित्त मंत्री दिवंगत अरुण जेटली ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम किया था। इसके बाद वह डीयू के लॉ डिपार्टमेंट से लॉ ग्रेजुएट हुए थे। इसी दौरान साल 1974 में अरुण जेटली ने डूसू अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। उस समय वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्य थे। छात्र जीवन के बाद अरुण जेटली बीजेपी में सक्रिय रहे। साल 1989 में उन्हें भारत का अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया। इसके बाद 1990 के दशक में वह बीजेपी के प्रवक्ता बने और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री रहे। साल 2014 से 2019 तक अरुण जेटली ने केंद्रीय वित्त मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।

विजय गोयल

विजय गोयल दिवंगत अरुण जेटली के जूनियर स्टूडेंट रहे हैं। उन्हें साल 1977 में डूसू अध्यक्ष चुना गया था। साल 1971 में उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत एबीवीपी कार्यकर्ता के रूप में की और 1977 में डूसू अध्यक्ष बने। विजय गोयल 4 बार मेंबर ऑफ पार्लियामेंट रहे चुके हैं। इसके अलावा वे पूर्व केंद्रीय पूर्व खेल मंत्री भी रहे हैं।

अजय माकन

पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन कांग्रेस के राजनेता हैं। साल 1985 में अजय माकन डूसू अध्यक्ष चुने गए थे। उस समय वह सिर्फ 21 साल के थे। इसके बाद वह 29 साल की उम्र में विधायक बने। वह अभी अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के कोषाध्यक्ष और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य हैं। इसके अलावा अजय माकन तीन बार के विधायक और तीन बार संसद सदस्य भी रह चुके हैं। इससे पहले वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री और दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के संसदीय सचिव भी थे। अजय माकन साल 1985-86 में नेशनल स्टूडेंट ऑफ यूनियन (एनएसयूआई) की ओर से डूसू के अध्यक्ष रहे थे।

रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी डूसू अध्यक्ष रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता साल 1996-97 में एबीवीपी से डूसू अध्यक्ष रही थीं। फिलहाल वह दिल्ली सीएम की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

आशीष सूद

आशीष सूद ने साल 1988 में एबीवीपी उम्मीदवार के रूप में डूसू अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था। इससे पहले वह साल 1987 में डूसू संयुक्त सचिव बने थे। फिलहाल आशीष सूद दिल्ली सरकार में बिजली, गृह, शहरी विकास और शिक्षा विभागों के कैबिनेट मंत्री हैं।

अलका लांबा

अलका लांबा मौजूदा समय में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। वह साल 1995-96 में एनएसयूआई सदस्य के तौर पर डूसू अध्यक्ष रही हैं। इसके अलावा साल 2015 में अलका लांबा आम आदमी पार्टी में शामिल होकर चांदनी चौक से विधायक बनीं थीं। हालांकि बाद में उन्होंने फिर से कांग्रेस में वापसी कर ली।

विजय जौली

बीजेपी के नेता विजय जौली साल 1980-81 में एबीवीपी के सदस्य के रूप में डूसू अध्यक्ष रहे हैं। इसके अलावा वह दिल्ली के साकेत विधानसभा क्षेत्र से 2003 से 2008 तक विधायक भी रहे हैं। साल 2011 में विजय जौली को बीजेपी का विदेश प्रमुख और 2013 में त्रिपुरा का पार्टी प्रभारी नियुक्त किया गया। हालांकि उन्हें अभी तक कोई मंत्री पद नहीं मिला है।

अनिल झा

आम आदमी पार्टी के नेता अनिल झा वर्तमान में दिल्ली के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इसके अलावा वह दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के उपनेता भी हैं। इससे पहले वह बीजेपी के सदस्य थे। अनिल झा साल 1997-98 डुसू अध्यक्ष रह चुके हैं। उस समय वह एबीवीपी के सदस्य थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story