Delhi Metro: राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस... DMRC के ईस्ट विनोद मेट्रो स्टेशन को मिला पुरस्कार

Delhi Metro News
X

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार ग्रहण करते डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विज्ञान भवन में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस समारोह के दौरान डीएमआरसी को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम की पिंक लाइन के ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (NECA) 2025 के तहत 'मेट्रो स्टेशन क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इकाई' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विज्ञान भवन में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया गया। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन पर ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में किए गए अनुकरणीय प्रयासों को मान्यता देते हुए इसे ग्रहण किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मौजूद रहे।

भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) ने देश भर के विभिन्न मेट्रो रेल प्रणालियों से प्राप्त आवेदनों के व्यापक मूल्यांकन के बाद इस स्टेशन का चयन किया। ईस्ट विनोद नगर मेट्रो स्टेशन ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों में कुल विद्युत ऊर्जा खपत और ऊर्जा प्रदर्शन सूचकांक में लगातार और महत्वपूर्ण कमी लाकर यह मान्यता प्राप्त की है। यह कमी विभिन्न उपकरणों के ऊर्जा उपयोग की नियमित निगरानी और लक्षित ऊर्जा संरक्षण उपायों को लागू करने के माध्यम से हासिल की गई है, जिसमें 28 वाट के 405 पारंपरिक ट्यूबलाइट फिक्स्चर को 14 वाट के एलईडी ट्यूबलाइट से बदलना शामिल है।

डीएमआरसी ने बताया कि इस स्टेशन में 150 किलोवाट-पीक का एक समर्पित रूफटॉप सौर संयंत्र है, जो सौर ऊर्जा के माध्यम से इसकी कुल ऊर्जा आवश्यकता का 49 फीसद हिस्सा पूरा करता है, जिससे ग्रिड से बिजली पर इसकी निर्भरता काफी कम हो जाती है। यह स्टेशन भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा जारी भारतीय हरित भवन परिषद (आईजीबीसी) प्रमाणन के तहत "प्लैटिनम" रेटिंग प्राप्त कर चुका है, जो सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति इसकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

एनईसीए का यह पुरस्कार ऊर्जा खपत कम करने, ऊर्जा संरक्षण के नवीन उपायों को अपनाने और सौर ऊर्जा के उपयोग के प्रति डीएमआरसी की निरंतर प्रतिबद्धता की मान्यता है, जो बदले में पर्यावरण के अनुकूल शहरी परिवहन को बढ़ावा देता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story