Delhi AC Blast: दिल्ली के फूड आउटलेट में AC ब्लास्ट, 5 लोग घायल
दिल्ली के यमुना विहार के फूड आउटलेट में फटा एसी कंप्रेसर।
Delhi AC Blast: फरीदाबाद के बाद दिल्ली में एसी ब्लास्ट की घटना की सामने आई है। दिल्ली के यमुना विहार में सोमवार देर रात को एक फूड आउटलेट में एसी कंप्रेसर फटने से हादसा हो गया। दिल्ली फायर सर्विस को देर रात इसकी सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी तक हादसे की सही वजह पता नहीं चल पाई है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा यमुना विहार के पिज्जा हट आउटलेट बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर हुआ। यहां पर एसी कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया। घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर बताया गया। जानकारी के मुताबिक, फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 40 मिनट में आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में 5 लोग मामूली रूप से घायल हो गए थे। उनकी पहचान देवेश्वरी (41), निखिल (19), साहिल (26), शिवम (25)और परवेज (35 ) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच कर रही है, जिससे हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
फरीदाबाद में हुई ऐसी घटना
इससे पहले हरियाणा के फरीदाबाद में एसी ब्लास्ट की घटना सामने आई थी। सोमवार को फरीदाबाद में एक घर में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई। इस हादसे में पालतू कुत्ते ने भी अपनी जान गंवा दी। वहीं, एक सदस्य को पड़ोसियों ने बचा लिया।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के बाद मकान में धुंआ भर गया था, जिसकी वजह से अंदर मौजूद सभी लोगों का दम घुटने लगा। जब तक स्थानीय लोग फायर ब्रिगेड की टीम मदद के लिए पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दम घुटने के कारण परिवार के 3 लोगों की मौत हो चुकी थी।
