Delhi Yamuna: यमुना के तेज बहाव में बहे मामा-भांजे, युवक की मौत, बच्चे की तलाश जारी

यमुना नदी में डूबे माम-भांजे।
Uncle-Nephew Drowned In Yamuna: दिल्ली के वजीराबाद इलाके में बड़ा हादसा हो गया। रविवार को वजीराबाद में यमुना नदी के किनारे पूजा-पाठ और नहाने के लिए आए मामा-भांजे तेज बहाव में बह गए। वहां पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और बचाव की टीमें मौके पर पहुंची। काफी समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद युवक (मामा) का शव बरामद हो गया।
भांजे की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतक की पहचान हीरा भगत (31) के रूप में की है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, 9 साल के भांजे आलोक कुमार की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
क्यों आए थे नदी किनारे?
पुलिस के अनुसार, मृतक अपने परिवार के साथ स्वरूप नगर इलाके में रहता था। उसी इलाके में उसकी बहन भी अपने पति के साथ रहती थी। रविवार को इलाके के कुछ लोग तिजिया व्रत पर पूजा-पाठ और नहाने के लिए जगतपुर शनि मंदिर के पास यमुना किनारे गए थे। इन लोगों के साथ हीरा भगत और उसका भांजा आलोक कुमार भी शामिल था।
जानकारी के मुताबिक, नहाने के दौरान लड़का अचानक नदी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए हीरा ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। यमुना नदी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण दोनों नदी में बह गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम को सूचना मिली कि दो लोग यमुना नदी में डूब गए हैं। मौके पर पहुंचकर बोट क्लब की टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान युवक हीरा का शव बरामद हुआ। हालांकि उसके भांजे का कोई पता नहीं चला। रात करीब 9 बजे तक तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया।
बता दें कि दिल्ली में अक्सर यमुना नदी में लोगों के डूबने की खबरें आती हैं। इस समय यमुना नदी का बहाव काफी तेज है, जिसके कारण लोगों के नदी किनारे जाने से मना किया जाता है। हालांकि फिर भी लोग नहीं मानते हैं, जिसके कारण ऐसे हादसे होते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
