Yamuna Cruise Service: दिल्लीवासियों के लिए गुड न्यूज, यमुना नदी पर इस दिन से शुरू होगी क्रूज सेवा
दिल्ली में जल्द यमुना नदी पर शुरू होगी क्रूज सेवा।
Yamuna Cruise Service: दिल्लीवासियों को बहुत जल्द यमुना नदी पर क्रूज सेवा का आनंद लेने का मौका मिलेगा। क्रूज को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, इसे लेकर दिल्ली सरकार के पर्यटन, कानून एवं श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर राजधानी में चलने वाले क्रूज का फोटो शेयर करके जानकारी दी है।
कपिल मिश्रा ने फोटो के साथ लिखा है कि यमुना में चलने वाली क्रूज को लगभग पूरा किया जा चुका है। मुंबई में तैयार हो रहे क्रूज के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया है, जल्द ही यह क्रूज दिल्ली में भी चलेगा।
कपिल मिश्रा ने एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है कि 'यमुना नदी में क्रूज चलाया जाएगा, जो बनकर लगभग तैयार हो चुका है। हमने संकल्प लिया था दिल्ली में यमुना नदी में क्रूज चलाएंगे आज वह क्रूज बनकर तैयार है, जल्द ही दिल्ली के लोग इसका आनंद ले पाएंगे।'
20 जनवरी को दिल्ली के लिए रवाना-कपिल मिश्रा
मीडिया से बात करते हुए मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि, यह क्रूज यमुना नदी पर चलेगा और इसका निर्माण मुंबई में हो रहा है, यह निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और 20 जनवरी को दिल्ली के लिए रवाना होगा, जो 4-5 दिनों में पहुंच जाएगा। फरवरी में किसी भी समय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा इसका दिल्लीवासियों के लिए शुभारंभ किया जाएगा। सोनिया विहार में एक जेटी तैयार की गई है और इसका आरंभिक बिंदु वजीराबाद में होगा। क्रूज का एक चक्कर 1 घंटे का होगा, जिसमें 40 लोग सवार हो सकेंगे। हम दिल्ली में लोगों को गोवा जैसा क्रूज अनुभव प्रदान करेंगे।
यमुना क्रूज परियोजना को दिल्ली पर्यटन के लिए ऐतिहासिक तौर पर देखा जा रहा है। दिल्ली में क्रूज सेवा सोनिया विहार के वजीराबाद बैराज क्षेत्र से लेकर जगतपुर में शनि मंदिर के पास चलेगी, 4-8 किलोमीटर लंबे इस क्रूज यात्रा का लोगों तो नया अनुभव मिल सकेगा। यह क्रूज आधुनिक सोलर-इलेक्ट्रिक हाइब्रिड तकनीक पर बेस्ड होगा, जिसमें पर्यावरण को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंच सकेगा।
दिल्ली के यमुना नदी में क्रूज चलाया जाएगा यह लगभग बनकर तैयार है..
— Kapil Mishra (@KapilMishra_IND) January 12, 2026
हमने संकल्प लिया था दिल्ली में यमुना नदी में क्रूज चलाएंगे आज वह क्रूज बनकर तैयार है, जल्द ही दिल्ली के लोग इसका आनंद ले पाएंगे pic.twitter.com/uLoNT6itGk
दिल्ली में क्रूज चलने के क्या फायदे होंगे ?
- दिल्लीवासियों को राजधानी में ही गोवा या मुंबई या कहें पेरिस की सीन नदी पर चलने वाले क्रूज का आनंद मिल सकेगा।
- यमुना क्रूज के दौरान यात्रियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, दिल्ली के इतिहास से जुड़ी जानकारी और मनोरंजन की खास व्यवस्था की जाएगी।
- पर्यटन के साथ-साथ स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।
- रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
- आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी इसके अलावा यमुना नदी के पुनरुद्धार को भी मजबूती मिलेगी।
- मानसून के दिनों में सुरक्षा कारणों के चलते इसे अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।
दिल्ली के लिए नया आकर्षण
बताया जा रहा है कि पहले पिछले साल 2025 के दिसंबर में ही क्रूज सेवा को शुरू करने की योजना बनाई गई थी। इस साल जनवरी 2026 में निर्माण निरीक्षण के बाद जल्द ही इसके लॉन्च होने के संकेत सामने आए हैं। आने वाले दिनों में क्रूज सेवा यमुना नदी दिल्ली की पहचान का एक नया आकर्षण बनेगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
