Yamuna Cruise Service: यमुना में अगले महीने से शुरू होगी क्रूज सर्विस! क्या होगा रूट-किराया?

Delhi Cruise Service
X

दिल्ली में जल्द शुरू होगी क्रूज सेवा। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Yamuna Cruise Service: अब राजधानी दिल्ली में लोग जल्द ही क्रूज की सवारी का मजा ले पाएंगे। इसी साल दिसंबर की शुरुआत से पहले ही यमुना में क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

Yamuna Cruise Service: दिल्लीवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली सरकार ने यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नवंबर के आखिरी हफ्ते तक दिल्ली सरकार के यमुना क्रूज प्रोजेक्ट को लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य यमुना को पुनर्जीवित करने के साथ ही नदी के किनारे लोगों के लिए मनोरंजक स्थल तैयार करना है।

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, यमुना नदी में वजीराबाद बैराज (सोनिया विहार) और जगतपुर (शनि मंदिर) तक के रूट पर क्रूज चलाया जाएगा। इससे यमुना किनारे टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस हिस्से में पानी की गुणवत्ता बेहतर है। ऐसे में इसी रूट पर शुरुआत की जा रही है।

एक बोट में 90 लोगों की सवारी

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में एक क्रूज बोट चलाई जाएगी। इसमें 90 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी। इसके साथ ही यात्रियों के लिए क्रूज में खाने-पीने की भी व्यवस्था की जाएगी। सरकार का कहना है कि इस प्रोजेक्ट का मकसद है कि लोगों को नदी की सैर कराने के साथ ही बेहतर टूरिज्म एक्सपीरियंस दिया जाए। यात्री नदी में पानी की लहरों के बीच खाने-पीने का मजा ले सकेंगे। इससे दिल्ली को एक नई पहचान मिलेगी।

इस क्रूज पर यात्रियों की सवारी सोनिया विहार पुस्ते से शुरू होगी, जो कि जगतपुर शनि मंदिर तक जाएगी। इसके बाद क्रूज वापस यात्रियों को लेकर सोनिया विहार पुस्ते पर वापस पहुंचेगा। हालांकि अभी तक क्रूज सर्विस का किराया तय नहीं किया गया है। क्रूज सर्विस को मानसून के समय में सुरक्षा के मद्देनजर बंद रखा जाएगा।

पर्यटन विभाग की देखरेख में तैयारी

दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग की देखरेख में क्रूज सेवा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसमें यमुना नदी के किनारे वेटिंग एरिया से लेकर टिकट काउंटर, यात्रियों के बैठने की जगह समेत अन्य सुविधाएं शामिल हैं। विभाग बोट के साथ ही नदी किनारे भी अच्छी सुविधाएं देने की तैयारी कर रहा है।

इस प्रोजेक्ट के लिए 5 सरकारी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। इनमें इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया, दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, और सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग शामिल हैं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story