Yamuna Bank Metro Station: यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन की बड़ी बाधा खत्म, DMRC ने दिया अपडेट
यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन को लेकर डीएमआरसी ने दिया अपडेट।
Yamuna Bank Metro Station: दिल्ली के यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने वाला रास्ता यात्रियों के लिए फिर से चालू हो गया है। अब दिल्ली मेट्रो के यात्री आसानी से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पहुंच सकते हैं। दरअसल, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला रोड बंद हो गया था। वहां के आसपास के यात्रियों को मेट्रो स्टेशन पहुंचने में काफी परेशानी हो रही थी। हालांकि यह रास्ता फिर से चालू हो गया है, जिसके जरिए आसानी से मेट्रो स्टेशन पहुंच सकते हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी। डीएमआरसी ने लिखा कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला संपर्क मार्ग अब सुलभ है।
क्यों बंद हुई थी सड़क?
दरअसल, 4 सितंबर यानी गुरुवार को दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.48 मीटर को पार कर गया था। इसके कारण दिल्ली के निचले इलाकों में यमुना नदी का पानी भर गया था। दिल्ली के यमुना बाजार, मयूर विहार, कश्मीरी गेट, मजनू का टीला, गीता कॉलोनी, सिविल लाइंस समेत कई इलाके जलमग्न हो गए थे। बाढ़ के पानी की वजह से यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने वाला रोड भी बंद करना पड़ा था।
ऐसे में डीएमआरसी ने वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए कहा था। इसको लेकर डीएमआरसी ने एडवाइजरी की थी, जिसमें कहा गया था कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन चालू है और वहां पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है। हालांकि मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने वाले रोड पर यात्रियों को परेशानी का सामना कर पड़ रहा था।
Yamuna Bank Station Update
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) September 7, 2025
The approach road leading to Yamuna Bank Metro Station is now accessible.
अभी कितना है यमुना का जलस्तर?
अब यमुना नदी का जलस्तर कम होने लगा है, जिससे दिल्लीवासियों को थोड़ी राहत मिली है। 7 सितंबर यानी रविवार सुबह यमुना का वाटर लेवल 205.59 मीटर दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार रात 8 बजे यमुना नदी का जलस्तर 205.98 मीटर दर्ज हुआ था। जबकि इससे पहले यमुना का जलस्तर 206 मीटर से ज्यादा पर था। हालांकि यमुना का जलस्तर कम होने के बाद भी दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। दिल्ली में यमुना नदी के खतरे का निशान 205.33 मीटर है, जो पुराने लोहा पुल पर मापा जाता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
