Delhi Mausam: दिल्ली से रूठा मानसून, दरवाजे पर आकर नहीं दे रहा दस्तक, उमस ने किया बुरा हाल

दिल्ली मौसम अपडेट।
Delhi Mausam: राजधानी दिल्ली मौसम ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने के बाद भी बारिश नहीं होती है। जबकि कुछ जगहों पर सिर्फ बूंदाबांदी होती है, जिससे उमस बढ़ जाती है। दिल्ली में लोग बेसब्री से मानसून का इंतजार कर रहे हैं। मानसून भी दिल्ली से बस कुछ ही दूरी पर है, लेकिन ऐसा लगता है मानसून दिल्ली से रूठ गया है। पिछले कुछ दिनों से उम्मीद जताई जा रही थी कि 24 जून तक मानसून दिल्ली में पहुंच जाएगा, लेकिन आज 26 जून होने के बाद भी अभी तक मानसून की बरसात देखने को नहीं मिली।
मौसम विभाग की ओर से रोजाना आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया जाता है, लेकिन बारिश की जगह सिर्फ उमस बढ़ती है। मौसम विभाग की मानें, तो मानसून दिल्ली के पास आ गया है, अब कभी भी राजधानी में मानसून की बारिश शुरू सकती है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। हालांकि पिछले की कुछ दिनों से लगातार मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है, लेकिन बारिश होने का नाम ही नहीं ले रही। पिछले दिनों की तरह आज भी राजधानी में बारिश का अलर्ट जार किया गया है। वहीं, तापमान की बात करें, तो गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
इसके अलावा हवा में नमी (Humidity) का लेवल 70 से 80 फीसदी तक रह सकता है, जिससे उमस काफी ज्यादा बढ़ जाएगी। बता दें कि बीते बुधवार को दिल्ली में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, लेकिन हीट इंडेक्स यानी के फील होने वाला तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
मानसून की बारिश के लिए तरस रहे दिल्लीवाले
जहां एक तरफ देश के दूसरे राज्यों में मानसून ने तबाही मचा रखी है, वहीं दूसरी ओर राजधानी दिल्ली के लोग बारिश के लिए तरस रहे है। हर दिन मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट जारी किया जाता है, लेकिन सिर्फ बूंदाबांदी देखने को मिलती है। इस बार फिर से अनुमान जताया गया है कि अगले 36 घंटे के अंदर मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। बता दें राजधानी दिल्ली में हर साल मानसून 29–30 जून को आता है, लेकिन इस साल 25 जून से पहले मानसून की एंट्री होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून दिल्ली में कभी भी दस्तक दे सकता है।
बताया जा रहा था कि अगर दिल्ली के अंदर 26 जून तक मानसून की एंट्री होती है, तो 12 साल बाद ऐसा होगा, जब मानसून अपने तय समय से पहले दिल्ली में पहुंचेगा। बता दें कि इससे पहले साल 2013 में मानसून 16 जून को दिल्ली में पहुंचा था।
