DU News: दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस कॉलेज में खुलेगा पिंक बूथ, मिलेंगी ये सुविधाएं

देश की राजधानी दिल्ली से आए दिन महिला विरोधी घटनाएं सामने आती हैं। कई मामले ऐसे हैं, जहां पीड़िता मामले की शिकायत देने के लिए पुलिस थाने तक जाने में हिचक महसूस करती है। ऐसे में दिल्ली पुलिस पिंक बूथ खोलने की योजना चला रही है। खास बात है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज में भी पिंक बूथ खोलने की तैयारी चल रही है। इस बूथ के खुलने से न केवल छात्राएं, बल्कि महिला स्टाफ भी अपने साथ हुई घटनाओं की शिकायतें बिना किसी हिचकिचाहट के दर्ज करा पाएंगी।
मीडिया से बातचीत में मिरांडा हाउस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर विजया लक्ष्मी नंदा ने बताया कि इस पिंक बूथ का उद्घाटन जनवरी में होगा। कमिश्नर ऑफ पुलिस और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति इसमें शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि यह पिंक बूथ क्षेत्र के एसएसओ की पहल पर बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कई छात्राएं अपने साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी जैसी घटनाओं की शिकायतें दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने तक जाने में हिचक महसूस करती हैं। इस पिंक बूथ के खुलने से छात्राएं निसंकोच शिकायत दर्ज करा पाएंगी। यही नहीं, महिला शिक्षक और अन्य महिला कर्मचारी भी अपने साथ हुए अपराध की शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए बनाई गई है।
साथ ही, बताया कि इस पिंक बूथ को शिक्षा से भी जोड़ा जा रहा है। यहां छात्राएं एफआईआर दर्ज करने से लेकर साइबर क्राइम से बचने और कानून से जुड़ी तमाम जानकारी हासिल कर पाएंगी। विशेषकर महिला सुरक्षा और कानून से जुड़े विषयों पर रिसर्च करने वाली छात्राओं के लिए यह पिंक बूथ बेहद उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पिंक बूथ के खुलने से कॉलेज परिसर में छात्राएं और महिला कर्मचारी खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करेंगी।
