Two Boys Drowned In Canal: दिल्ली के हैदरपुर नहर में डूबने से 2 बच्चों की मौत, पिछले 1 हफ्ते में तीसरा मामला

दिल्ली के हैदरपुर नहर में डूबने से 2 बच्चों की मौत।
Two Boys Drowned In Canal: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग के पास नहर में नहाने गए दो नाबालिगों की मौत हो गई। रविवार शाम को दो नाबालिग लड़के हैदरपुर नहर में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे तैरते हुए गहरे पानी में जाने से डूब गए। इसके कारण दोनों बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान अनिकेत (9) और कृष्णा (13) के रूप में हुई है। वे दोनों शालीमार बाग स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास झुग्गियों में रहते थे। पुलिस ने दोनों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों बच्चों यानी अनिकेत और कृष्णा ने रविवार शाम करीब 4 बजे नहर में तैरने का फैसला किया। उस दौरान उनके पिता बाहर गए हुए थे। दोनों नहर में नहाने के लिए कूद गए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने की वजह से बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए।
पिता ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक, जब बच्चों के पिता घर वापस लौटे तो बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने मिलकर घंटों तक तलाश की, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पता चला कि दोनों बच्चे नहर में नहाने के लिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों के शव नहर से बाहर निकाले। उन्हें तुरंत बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच में पता चला कि अनिकेत (9) के परिवार में तीन भाई-बहन और उसके पिता थे। वहीं, कृष्णा के परिवार में दो बड़े भाई और पिता थे। उन दोनों बच्चों के पिता दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। घटना के समय उनके पिता अपने काम पर गए हुए थे।
Delhi: Two boys, Aniket (9) and Krishna (13), drowned in the Munak Canal near Shalimar Bagh, North West Delhi, while bathing on Sunday evening. Police recovered the bodies and sent them for post-mortem. pic.twitter.com/SezWyujhVD
— IANS (@ians_india) September 8, 2025
पिछले हफ्ते भी ऐसे दो मामले आए
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को भी ऐसा मामला सामने आया था। दिल्ली के शास्त्री पार्क में अपने दोस्तों के साथ मछली पकड़ने के दौरान एक 14 साल का युवक यमुना के बाढ़ के पानी में गिर गया। इसकी वजह से उसकी मौत हो गई। वहीं, बुधवार को दिल्ली के गढ़ी मेदु गांव में ओमबीर सिंह (45) नाम के शख्स की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ओमबीर बाढ़ के इलाके में अपनी गाय के बचाते समय डूब गया था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
