Delhi: रील के नशे ने ली 14 वर्षीय लड़के की जान! वीडियो बनाने के लिए गले में डाला फंदा, मौत

14 year old boy hangs himself while making reel in Delhi
X

दिल्ली में रील बनाते समय 14 साल के लड़के ने लगाई फांसी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Delhi Police: दिल्ली के त्रिनगर इलाके में एक 14 साल के लड़के ने रील बनाते समय फांसी का फंदा लगा लिया। इससे उसकी मौत हो गई।

Delhi Police: दिल्ली से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के त्रिनगर में एक 14 साल का लड़का लाइक्स और व्यूज पाने के लिए सोशल मीडिया रील बनाते हुए फांसी के फंदे पर लटक गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के मोबाइल से वीडियो भी बरामद किया है, जिसमें वह फांसी लगाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने आत्महत्या का केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि रील बनाने के चक्कर में यह दुर्घटना हुई है, जिसकी वजह से किशोर की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार दोपहर की है। पुलिस ने बताया कि त्रिनगर इलाके में नाले के पास क्षेत्र में किशोर अपने घर में फंदे पर लटकते हुए मिला था।

मोबाइल में मिला वीडियो

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो पुलिस ने किशोर के मोबाइल से आधे घंटे का वीडियो बरामद किया है। वीडियो से पता चल रहा है कि किशोर फांसी के फंदे पर लटकने की कोशिश करता है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। माना जा रहा है कि रील बनाते समय यह दुर्घटना हुई।

रील का शौकीन था किशोर

मृतक किशोर के परिजनों का कहना है कि उसे रील्स बनाने का बहुत शौक था। वह इंस्टाग्राम पर काफी ज्यादा एक्टिव रहता था। परिजनों ने बताया कि वह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डालता था। ऐसे में माना जा रहा है कि ज्यादा लाइक्स और व्यूज पाने के लालच में किशोर फांसी पर लटकने का वीडियो बना रहा है, लेकिन फंदा उसके गले में फंस गया या फिर कस गया होगा। इसके कारण चंद पलों में उसकी जान चली गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, किशोर वीडियो में एक-दो बार ट्रायल करता है और फिर फंदा उसके गले में कस जाता है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से भी जांच कर रही है।

दुर्घटना से पहले दोस्त को भेजा था मैसेज

जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर ने दुर्घटना से पहले अपने दोस्त को स्नैप चैट पर मैसेज भेजा था। इसमें उसने लिखा था कि भाई! हर वक्त तेरे साथ नहीं रहूंगा, कभी तुझे अकेले भी रहना होगा। अब पुलिस इस चैट को घटना से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि ऐसा हो सकता है कि मृतक ने हंसी मजाक में अपने दोस्त को यह मैसेज भेजा होगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story