DTC Interstate Bus Service: दिल्ली से इन 6 राज्यों के लिए चलाई जाएंगी बसें, इन 17 शहरों के लिए मिलेगी सेवा

दिल्ली से इन 17 शहरों के चलाई जाएंगी बसें।
DTC Interstate Bus Service: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) राजधानी के आसपास के 6 राज्यों के लिए इंटर-स्टेट बस सेवा शुरू करने की योजना बना रही है। इसमें 17 रूट को शामिल किया गया है। बता दें कि DTC बोर्ड ने भी इन रूट्स के लिए मंजूरी दे दी है। इंटर-स्टेट बस सर्विस के लिए DTC ने 100 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की योजना बनाई है। बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली से दूसरे राज्यों के शहरों के लिए बसें चलाई जाती थीं, लेकिन करीब 2 दशक पहले ही इसे बंद कर दिया गया था।
अब एक बार फिर से इंटर-स्टेट बस सर्विस को शुरू किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से 6 अलग-अलग राज्यों के 17 शहरों के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इनमें अयोध्या से लेकर हरिद्वार, ऋषिकेश समेत अन्य शहर शामिल हैं।
इन शहरों के लिए चलाई जाएंगी बसें
दिल्ली से कुल 17 शहरों के लिए बसें चलाने का रूट फाइनल किया गया है। इनमें हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून समेत उत्तराखंड के 5 शहर शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद और अयोध्या समेत 5 शहर शामिल हैं। वहीं, राजस्थान के अलवर, बीकानेर और जयपुर के साथ ही पंजाब के अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़ और हरियाणा के पानीपत तक बसें चलाई जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, इसमें जम्मू को भी शामिल किया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, DTC पहले भी दूसरे राज्यों के लिए बस सेवाएं देती थीं। उसी रिकॉर्ड के आधार पर रूट तय किए गए हैं।
AC बसों का होगा इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, इंटर-स्टेट बस सर्विस के लिए DTC अलग से बसों की खरीद करेगा। ये बसें 12 मीटर लंबाई की होंगी, जो पूरी तरह से इलेक्ट्रिक और वातानुकूलित (AC) होंगी। इसको लेकर संबंधित राज्यों को भी जानकारी दे दी गई है।
बता दें कि इससे पहले साल 2004 तक दिल्ली से दूसरे राज्यों तक बसों का संचालन किया जाता था। लेकिन डीजल से सीएनजी में बदलने के बाद यह सेवाएं धीरे-धीरे बंद होती चली गईं। उस दौरान दूसरे राज्यों में सीएनजी की सुविधाएं मौजूद नहीं थीं, जिसकी वजह से साल 2010 तक इंटर-स्टेट बस सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। हालांकि अब एक बार फिर से इसे शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
