Delhi Police: पुलिसवालों को ब्लैकमेल करने वाले गैंग का पर्दाफाश, सरगना के गुर्गों समेत 7 गिरफ्तार

Delhi News Hindi
X

पुलिसवालों को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी गिरफ्तार। 

Delhi Police: पुलिसवालों को ब्लैकमेल करने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, अन्य की तलाश की जा रही है।

Delhi Police: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो पुलिसवालों को ब्लैकमेल करते थे। बताया जा रहा है कि गैंग के लोग ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ करके उनके दूसरे सदस्यों के बारे में भी पता लगाया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गैंग में शामिल लोग जानबूझकर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छोटी-मोटी रिश्वत लेने के लिए उकसाते थे, जब कोई पुलिसकर्मी ऐसा करने के लिए सहमत हो जाता था, तो आरोपी उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे। आरोपी वीडियो से छेड़छाड़ करने के बाद पुलिसवालों को सस्पेंड कराने, विजिलेंस जांच बिठाने या झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम हड़प लेते थे।

ब्लैकमेल करने की दी गई ट्रेनिंग

क्राइम ब्रांच के एंटी-रोबरी एंड स्नैचिंग सेल (ARSC) ने अलग-अलग ऑपरेशन में इस सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल आमिर चौधरी उर्फ सिकंदर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आमिर गैंग के सरगना जीशान अली का खास गुर्गा है। इसके अलावा टीम ने 20 जनवरी को आरोपी संजय गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया था। संजय को कुख्यात सरगना राजकुमार उर्फ राजू मीणा का करीबी बताया गया है। संजय गुप्ता को वीडियो बनाकर पुलिस को ब्लैकमेल करने की खास ट्रेनिंग दी गई थी।

7 अपराधी हो चुके गिरफ्तार

जांच में पता चला है कि यह सिंडिकेट कमर्शियल गाड़ियों को चालान से बचाने के लिए एक फर्जी सिस्टम चला रहा था। गाड़ियों पर एक फर्जी '03 मार्च' का स्टिकर लगाया जाता था, ताकि उन्हें पुलिस रोक न सके। जब व्हाट्सएप ग्रुप्स की जांच की गई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंट राजकुमार उर्फ राजू मीणा है। राजकुमार 2015 से यह काम कर रहा है, इस मामले में आरोपियों पर मकोका (MCOCA) जैसी सख्त धाराएं ही लगाई गई हैं। अब तक टीम इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं दूसरे अपराधियों की भी तलाश की जा रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story