Delhi Electric Buses: ईवी राजधानी बनेगी दिल्ली, 2026 तक होंगी 8000 बसें, EV पॉलिसी पर भी आया अपडेट

दिल्ली में बसों की कमी होगी पूरी।
Delhi Electric Buses: दिल्ली अगले साल इलेक्ट्रिक वाहनों की राजधानी बनने वाली है। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि साल 2026 तक दिल्ली में 7 हजार से 8 हजार इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी। मंत्री ने बताया कि दिल्ली में अभी 3,400 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इस साल के अंत तक डीटीसी के इलेक्ट्रिक बसों में नया बेड़ा जोड़ा जाएगा, जिससे कुल इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 6 हजार तक पहुंच जाएगी। मंत्री पंकज सिंह ने दावा कि जब उन्होंने दिल्ली के परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी संभाली, तो डीटीसी में सिर्फ 400 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं। इस साल के आखिर तक डीटीसी में कुल 6 हजार इलेक्ट्रिक बसें हो जाएंगी।
दिल्ली में 8 हजार बसों की जरूरत
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने सोमवार को एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि रूट रेशनलाइजेशन के हिसाब से राजधानी दिल्ली में करीब 7-8 हजार बसों की जरूरत है। इनमें देवी बसें भी शामिल हैं, जो छोटे रूटों के लिए चलाई जा रही हैं। मंत्री ने दावा किया कि फरवरी 2026 तक दिल्ली में बसों की कमी पूरी कर दी जाएगी।
फ्लाईओवर के नीचे चार्जिंग की व्यवस्था
परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास करना चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए सरकार आरडब्ल्यूए, स्थानीय निकायों और निजी संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर ही है, जिससे पूरे शहर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवरों के नीचे और बाहरी दिल्ली के इलाकों में भी चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।
दिल्ली में नई ईवी पॉलिसी कब होगी लागू?
मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली में फरवरी 2026 तक बसों की कमी को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले साल फरवरी तक नई ईवी पॉलिसी भी लागू हो सकती है। इस पॉलिसी में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा फोकस किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि नई नीति में रोड टैक्स, पुराने वाहनों को हटाने और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।
#WATCH | Delhi: On DEVI Bus service, Delhi Transport Minister Pankaj Kumar Singh said, "... We are working on route rationalisation. By December, 5000 electric buses will start running. There are CNG buses as well. After route rationalisation, whatever buses are needed, the… pic.twitter.com/oc8dEEv4WX
— ANI (@ANI) August 25, 2025
दिल्ली में कम हुई बसें?
राजधानी में पिछले कुछ महीनों में बहुत सी सीएनजी बसों को सड़कों से हटाया गया। इससे कई इलाकों में यात्रियों को परेशानी हुई। हालांकि सरकार ने छोटे रूटों के लिए देवी बस सेवा के तहत सैकड़ों बसें सड़कों पर उतार दीं। इन बसों से लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिला।
