Delhi: दिल्ली में नाबालिग ने शख्स के ऊपर चढ़ाई कार... 600 मीटर तक घसीटा, मौत- Video Viral
दिल्ली में नाबालिग ने कार से शख्स को कुचला।
Samaypur Badli Accident: दिल्ली के समयपुर बादली में 16 साल के नाबालिग लड़के ने कार से एक शख्स को टक्कर मार दी। नाबालिग ने कार से शख्स को टक्कर मारने के बाद उसे करीब 600 मीटर तक घसीटा, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सुजीत मंडल (32) के रूप में हुई है, जो एक फैक्ट्री में काम करता था। यह घटना शनिवार शाम को समयपुर बादली में पीवीसी पाइप फैक्ट्री के पास हुई। पुलिस ने आरोपी लड़के को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि कार से टक्कर लगने के बाद फैक्ट्री कर्मचारी सुजीत उसमें फंस गया। इसके बाद युवक ने गाड़ी रोकने की बजाय स्पीड बढ़ा दी और आधे किमी से ज्यादा दूर तक शख्स को घसीटते हुए ले गया।
क्या है पूरी घटना?
दरअसल, शनिवार को शाम करीब 7 बजे सुजीत मंडल अपनी फैक्ट्री के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक लाल कलर की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद सुजीत कार में आगे की तरफ फंस गए। वहीं, कार चला रहा नाबालिग गाड़ी रोकने की बजाय शख्स को घसीटते हुए आगे तक ले गया। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि कैसे आरोपी कार चालक ने करीब 600 मीटर तक शख्स को घसीटा और जब शव कार से अलग हो गया, तो वह मौके से फरार हो गया।
नाबालिग गिरफ्तार
हादसे के बाद घायल शख्स को बुराड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। यह नाबालिग रोहिणी का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी लड़के ने बताया कि वह एक मैकेनिक की दुकान से लौट रहा था। इस दौरान अचानक मोड़ पर यह हादसा हो गया। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
VIDEO | Delhi: A man died after a car driven by a minor hit and dragged him for some distance in northwest Delhi's Samaypur Badli area. CCTV visuals of the incident, which took place on Saturday (August 23).#DelhiNews
— Press Trust of India (@PTI_News) August 27, 2025
(Visuals discretion advised)
(Source: Third Party) pic.twitter.com/dyWHH4A5p6
सीसीटीवी में क्या दिखा?
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सुजीत मंडल कार के नीचे फंसा हुआ है और नाबालिग कार भगाए जा रहा है। इस दौरान एक साइकिल सवार लड़के ने चेतावनी भी दी, लेकिन कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, स्पष्ट होता है कि कार चालक को पता था कि शख्स नीचे फंसा हुआ है, लेकिन फिर भी उसने गाड़ी नहीं रोकी। फिलहाल इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई कर रही है।
